जैन मंदिरों में प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक जिनेन्द्र भक्ति, अभिषेक, शांतिधारा और निर्वाण लाडू अर्पण के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
मिशनसच न्यूज, अलवर — जैन धर्मावलम्बियों के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक शुक्रवार को अलवर के जैन मंदिरों में जिनेन्द्र भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसरों में भगवान आदिनाथ के जयकारों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन के पश्चात निर्वाण का लाडू अर्पित कर मोक्ष कल्याणक का पुण्य लाभ अर्जित किया।
जैन पत्रकार महासंघ अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि मोक्ष कल्याणक के अवसर पर शहर के सभी प्रमुख जैन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से श्रीजी का अभिषेक किया, शांतिधारा संपन्न की तथा पूजन के उपरांत निर्वाण लाडू चढ़ाया।
मन्नी का बड़ स्थित आदिनाथ मंदिर में विशेष आयोजन
भगवान आदिनाथ के मोक्ष कल्याणक पर स्थानीय मन्नी का बड़ स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां दिगम्बर जैन साध्वी आर्यिका आर्षमति माताजी ससंघ के सान्निध्य में निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।इससे पूर्व आर्यिका आर्षमति माताजी ने प्रवचन में जैन तीर्थंकरों के पांच कल्याणकों की जानकारी दी और भगवान द्वारा बताए गए जिन धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश जैन बड़तलिया ने बताया कि मंदिर में प्रातः श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा तथा श्री 64 ऋद्धि महामण्डल विधान का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में कैलाश पर्वत की कृत्रिम झांकी, जहां से भगवान आदिनाथ को मोक्ष प्राप्त हुआ, विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही सौधर्म इन्द्र एवं इन्द्राणी के पात्रों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शहरभर के जैन मंदिरों में सामूहिक पूजन
मोक्ष कल्याणक के अवसर पर अलवर-जयपुर रोड स्थित श्री दिगम्बर जैन अहिंसा स्थल मंदिर, श्री दिगम्बर जैन मंदिर श्री नन्दीश्वर जी (बड़तला), बजाजा बाजार स्थित जैन मंदिर सहित शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में भी सामूहिक पूजन, अभिषेक एवं शांतिधारा के कार्यक्रम हुए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने निर्वाण का लाडू चढ़ाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। बड़ी संख्या में जैन धर्मावलम्बियों ने इन आयोजनों में सहभागिता की।
पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, श्री दिगम्बर जैन चन्द्रप्रभु मंदिर मुंशी बाजार के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद जैन, श्री दिगम्बर जैन मंदिर श्री नन्दीश्वर जी (बड़तला) अलवर के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार जैन एडवोकेट सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
भक्ति और श्रद्धा का बना विशेष वातावरण
पूरे दिन जैन मंदिरों में धार्मिक वातावरण बना रहा। प्रवचन, पूजन, विधान और आराधना से नगर में आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के बताए सत्य, अहिंसा और संयम के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


