विमुक्त, घुमन्तु व अर्द्धघुमन्तु परिवारों को प्रमाण-पत्र जारी कर सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा
मिशनसच न्यूज, अलवर। जिले में विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय के लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 4 से 13 फरवरी तक विशेष सहायता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पात्र व्यक्तियों को ऑनलाइन घुमन्तु पहचान प्रमाण-पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे वे विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि सरकार की मंशा है कि घुमन्तु समुदाय का कोई भी व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से पंचायत समिति स्तर पर शिविर लगाकर दस्तावेजीकरण और प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया सरल एवं त्वरित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 4 फरवरी को पंचायत समिति सभागार राजगढ़, 5 फरवरी को रैणी, 6 फरवरी को कठूमर, 9 फरवरी को रामगढ़ एवं थानागाजी, 10 फरवरी को लक्ष्मणगढ़, 11 फरवरी को गोविंदगढ़, 12 फरवरी को उमरैण तथा 13 फरवरी को मालाखेड़ा पंचायत समिति सभागार में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन सहायता शिविरों में घुमन्तु समुदाय के व्यक्तियों के लिए ऑनलाइन घुमन्तु पहचान प्रमाण-पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही मतदाता पहचान-पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने हेतु मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीयन भी करेंगे। प्रत्येक शिविर में संबंधित उपखंड अधिकारी को शिविर प्रभारी बनाया गया है, जबकि विकास अधिकारी एवं संबंधित आयुक्त/अधिशासी अधिकारी सह-प्रभारी के रूप में व्यवस्था संभालेंगे, ताकि सभी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
जिला प्रशासन ने घुमन्तु समुदाय के अधिकाधिक लोगों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

