शिवरात्रि अवसर पर ध्वजारोहण, कलश यात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा कस्बा
मिशनसच न्यूज, कठूमर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के उप सेवा केंद्र कठूमर में शिव जयंती महोत्सव राजयोगिनी हीरा बहन की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शेर सिंह मीणा व समाजसेवी सुनील बजाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अतिथियों द्वारा सेवा केंद्र पर ध्वजारोहण कर कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कलश यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए द्वारका प्रसाद मैरिज गार्डन तक पहुंची, जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे कस्बे में भक्ति व आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष शेर सिंह मीणा ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। वहीं राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी हीरा बहन ने शिवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि शिवजी को आक, धतूरा व बेलपत्र चढ़ाने के बजाय हमें अपने अंदर की बुराइयों को समर्पित करना चाहिए, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। बीके संध्या ने परमात्मा का सत्य परिचय कराते हुए कहा कि परमात्मा सर्वमान्य, सर्वोच्च, सर्वज्ञ और सर्व का दाता है तथा स्वयं की पहचान से ही ईश्वर की पहचान संभव है।
विशिष्ट अतिथि गोपेश भारद्वाज ने ब्रह्माकुमारी बहनों के त्याग, तपस्या व समर्पण भाव की सराहना की। सुनील बजाज ने संस्था के 140 देशों में फैले मुख्यालयों की प्रशंसा करते हुए कहा कि माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारी मुख्यालय आध्यात्मिक शांति का केंद्र है और वहां जाकर स्वर्ग जैसा अनुभव होता है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी तारेश बहन ने संस्था का परिचय दिया तथा ब्रह्माकुमारी प्रीति बहन ने राजयोग का अभ्यास कराया। सेवानिवृत्त हरिओम फॉरेस्टर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में ब्रह्मा कुमार राम सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताया और ईश्वरीय सौगात व प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी राधा बहन ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


