विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार का आभार, तिजारा क्षेत्र को मिली नई सौगातें
मिशनसच न्यूज, जयपुर । विधायक महंत बालकनाथ योगी ने राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भाग लेते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास कार्यों को रोकने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए तिजारा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सदन में अपनी बात रखते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं वर्षों तक अटकी रहीं, लेकिन भाजपा सरकार के गठन के बाद इन कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बीड़ा इंटीग्रेटेड 60 एवं 45 मीटर रोड, जिला व उप जिला अस्पताल भवनों के निर्माण, टोल शिफ्टिंग सहित अनेक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इन पर तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से खिजूरीबास टोल शिफ्टिंग, भिवाड़ी जिला अस्पताल भवन निर्माण, तथा तिजारा उप जिला अस्पताल की सौगात को भाजपा सरकार की उपलब्धि बताया। साथ ही कहा कि वसुंधरा राजे सरकार के समय प्रस्तावित नीमराना-बहरोड़ लिंक रोड पर कांग्रेस पांच वर्षों में कोई प्रगति नहीं कर सकी, जबकि अब इस पर डीपीआर तैयार होकर जल्द कार्य प्रारंभ होने वाला है। योगी ने भिवाड़ी टोल से टपूकड़ा सिक्स लेन हाईवे परियोजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती देगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रही और जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं कर सकी। वहीं 2023 के बाद भाजपा सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में वास्तविक बदलाव देखने को मिला है और जनता को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। सदन में कांग्रेस विधायकों की कम उपस्थिति पर टिप्पणी करते हुए योगी ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस का जनाधार और सिमट जाएगा तथा प्रदेश में विकास की राजनीति ही आगे बढ़ेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


