मेला 14 फरवरी को कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर व इफको के संयुक्त तत्वावधान में, ड्रोन व डिजिटल खेती का होगा प्रदर्शन
मिशनसच न्यूज, जोधपुर। प्रदेश के किसानों को खेती की आधुनिकतम तकनीकों, अनुसंधान एवं नई कृषि प्रौद्योगिकियों से अवगत कराने के उद्देश्य से कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर और इफको के संयुक्त तत्वावधान में 14 फरवरी, शनिवार को एक दिवसीय “कृषि विज्ञान मेला-2026” का आयोजन किया जाएगा। यह मेला मरुधरा क्षेत्र के किसानों के लिए नवाचार और ज्ञान का बड़ा मंच साबित होगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वी.एस. जैतावत ने बताया कि मेले की थीम ‘मरुधरा में विकसित कृषि: आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि शिरकत करेंगे। राजस्थान के विभिन्न जिलों से किसान, कृषि उद्यमी, उत्पादक, कृषि विशेषज्ञ तथा सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे।
प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित इस मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों को नवीनतम अनुसंधान, जलवायु अनुकूल खेती, डिजिटल कृषि तकनीक, ड्रोन उपयोग तथा उन्नत कृषि उपकरणों की जानकारी विस्तार से दी जाएगी।
कुल सचिव समंदर सिंह भाटी ने बताया कि मेले में खाद्य उत्पाद, श्री अन्न, फूल व फलों के मूल्य संवर्धन से तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, ड्रोन प्रदर्शन, कृषि साहित्य प्रकाशन व अन्य उपयोगी सामग्री किसानों के लिए उपलब्ध रहेगी। साथ ही कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र होगी।
प्रसार शिक्षा निदेशालय के सह निदेशक डॉ. एम.एस. चांदावत ने बताया कि मेले के दौरान कृषि विशेषज्ञों के विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इनमें उन्नत पशुपालन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति, मिलेट्स के लाभ और वैज्ञानिक खेती के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। किसानों को अनुसंधान क्षेत्रों का भ्रमण भी कराया जाएगा तथा प्रगतिशील किसानों से अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
मेले से संबंधित जानकारी के लिए किसान 8849517636 एवं 9413211938 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


