पर्यटन को मिलेगी नई गति, अलवर में जुटे पक्षी प्रेमी और अधिकारी
मिशनसच न्यूज, अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव और वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने सिलीसेढ़ झील पर आयोजित अलवर बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में शिरकत कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी, विद्यार्थी, पर्यटक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आमजन को बर्ड फेस्टिवल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अलवर केवल प्राकृतिक सौंदर्य का उपहार नहीं, बल्कि बाबा भर्तृहरि की तपोभूमि के रूप में आध्यात्म की धरती भी है। उन्होंने बताया कि यहां 200 से अधिक पक्षी प्रजातियां देश-विदेश से आती हैं, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि टाइगर मैराथन और बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन अलवर के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में 98 रामसर साइट घोषित की गई हैं और पहली बार केंद्रीय बजट में बर्ड वॉचिंग को भी शामिल किया गया है। उन्होंने भूरासिद्ध में मातृवन, कटी घाटी में नगर वन तथा बायोलॉजिकल पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही 8 फरवरी को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय टाइगर मैराथन में हजारों युवाओं की भागीदारी का उल्लेख किया।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री के मार्गदर्शन में अलवर में पर्यावरण संरक्षण के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले बर्ड फेस्टिवल उदयपुर में आयोजित होता था, लेकिन इस बार इसका आयोजन अलवर में होना जिले के लिए गौरव की बात है। इससे पर्यटन को नई गति मिलेगी और शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरिस्का में प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते अब लगभग 50 बाघ शावकों सहित विचरण कर रहे हैं। साथ ही सिलीसेढ़ झील को रामसर साइट का दर्जा मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया और मंगलासर व मानसरोवर बांध को भी रामसर साइट घोषित कराने की मांग रखी।
इनको किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेंजर प्रथम अकबरपुर राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, वनपाल सौरभ कुमार, धर्मसिंह, वनरक्षक सुश्री मनीषा यादव, रतन गुर्जर, होमगार्ड कैलाश चंद तथा टाइगर ट्रेकर रवीन्द्र शर्मा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रालय के महानिदेशक सुशील कुमार अवस्थी, अतिरिक्त महानिदेशक वाइल्ड लाइफ रमेश पाण्डे, प्रमुख वन संरक्षक पवन कुमार उपाध्याय, जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, डीएफओ अलवर राजेन्द्र हुड्डा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


