उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रशिक्षण में 50 किसानों को दी गई शहद उत्पादन व योजनाओं की जानकारी
खैरथल। सोमवार 9 फरवरी 2026 को उद्यानिकी विभाग खैरथल-तिजारा के उपनिदेशक गोपाल लाल मीणा के निर्देशानुसार माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार की बजट घोषणा 2025-26 की अनुपालना में मधुमक्खी पालन पर एकदिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी सहायक कृषि अधिकारी दिनेश तक्षक ने बताया कि इस प्रशिक्षण में खैरथल-तिजारा जिले के मधुमक्खी पालन में रुचि रखने वाले 50 किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक कृषि अधिकारी बिजेंद्र सिंह तथा कृषि पर्यवेक्षक सुनील सोनी, अजय सिंह, सुभाषचन्द एवं हिमांशु शर्मा द्वारा किसानों का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें आवश्यक साहित्य का वितरण किया गया।
सहायक कृषि अधिकारी महेश कुमार एवं मनोज कुमार ने प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं मधुमक्खी पालन से होने वाले लाभों की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र बानसूर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार ने मधुमक्खी पालन के विभिन्न घटकों एवं इससे होने वाले आर्थिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मधुमक्खी पालन विशेषज्ञ कृषक राकेश यादव ने मधुमक्खी पालन के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में किसानों को जानकारी दी। उपनिदेशक गोपाल लाल मीणा एवं कृषि अधिकारी मनीष अग्रवाल ने उद्यानिकी विभाग की कृषक हितकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
अनुसंधान अधिकारी, मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला खैरथल की आरती सैनी ने मिट्टी की सेहत सुधारने के उपाय बताए। वहीं सहायक कृषि अधिकारी दिनेश तक्षक एवं कृषि पर्यवेक्षक राजेन्द्र चौधरी तथा सत्यवीर सिंह यादव ने कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं समूह बनाकर शहद उत्पादन के लाभों की जानकारी किसानों को दी।
कार्यक्रम में एफपीओ प्रतिनिधि प्रवीण तक्षक एवं सुनील यादव ने शहद उत्पादन एवं उसके विपणन से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 किसानों सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


