More
    Homeदुनियाविंटर ओलंपिक के विरोध में प्रदर्शन हिंसक झड़पों में बदला, पुलिस ने...

    विंटर ओलंपिक के विरोध में प्रदर्शन हिंसक झड़पों में बदला, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

    रोम। उत्तरी इटली के मिलान शहर में विंटर ओलंपिक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हिंसक झड़पों में बदल गया। ओलंपिक विलेज के पास हजारों लोगों ने पर्यावरणीय नुकसान और सामाजिक-आर्थिक प्रभावों के खिलाफ मार्च किया, लेकिन भीड़ के छंटने के बाद एक छोटे समूह ने पुलिस पर पथराव और आतिशबाजी कर दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठियां, वॉटर कैनन और आंसू गैस छोड़नी पड़ी। पुलिस के मुताबिक करीब 10,000 प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे थे। हाथों में तख्तियां, बैनर और पोस्टर लिए लोग हाथों में हाथ डालकर गाते-नाचते नजर आए।
    प्रदर्शन का मुख्य केंद्र ओलंपिक विलेज के आसपास का इलाका रहा, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शाम होते-होते जब बड़ी शांतिपूर्ण भीड़ लौट गई, तभी कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ना शुरू किया। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा खास तौर पर मिलान-कोर्तिना विंटर ओलंपिक 2026 के लिए हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर था। उनका आरोप है कि खेलों के नाम पर पहाड़ों, जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। “शहरों को वापस लो और पहाड़ों को आज़ाद करो” जैसे नारे लिखे बैनर लोगों के हाथों में दिखाई दिए।
    मीडिया  रिपोर्ट के मुताबिक कई प्रदर्शनकारियों ने कार्डबोर्ड से बने पेड़ों के मॉडल लिए हुए थे, जो कोर्तिना में नए बॉब्स्ले ट्रैक के लिए काटे गए जंगलों का प्रतीक बताए गए। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी ओलंपिक विलेज के पास पहुंच गए। पुलिस बैरिकेड्स की ओर पटाखे और धुएं के बम फेंकने लगे। सुरक्षा घेरा इतना मजबूत था कि ये वस्तुएं एथलीटों के आवास तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद मार्च वाया बेनाको की ओर बढ़ा। पियाजाले कोरवेटो पहुंचते-पहुंचते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प शुरू हो गई।
    कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भागते देखा गया। पुलिस वैन को भी निशाना बनाए जाने की खबरें है। यह प्रदर्शन उसी समय हुआ, जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मिलान के दौरे पर थे। वे अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के रूप में ओलंपिक उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे। शुक्रवार को सैन सिरो स्टेडियम में हुए भव्य उद्घाटन समारोह में उन्हें कुछ लोगों की हूटिंग का सामना भी करना पड़ा। प्रदर्शन के समय उनकी मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी।
    इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने पोस्ट करते हुए लिखा प्रदर्शनीकारी इटली और इटालियनों के दुश्मन हैं। उन्होंने पुलिस और मिलान शहर के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि ऐसे आपराधिक गिरोहों को मेहनतकश लोगों का काम बर्बाद करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस प्रदर्शन का आयोजन अनसस्टेनेबल ओलंपिक्स कमेटी नामक संगठन ने किया था। इसमें पर्यावरण समूहों, छात्रों, खेल संगठनों, हाउसिंग एक्टिविस्टों, यूनियनों, फिलिस्तीन समर्थक नेटवर्क और ट्रांसफेमिनिस्ट समूहों ने भाग लिया। इन संगठनों का आरोप है कि ओलंपिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि आम लोगों पर आर्थिक और सामाजिक बोझ भी डाल रहे हैं। वे सरकार की सुरक्षा नीतियों और अल्पसंख्यकों के प्रति रवैये का भी विरोध कर रहे हैं।
    बता दें मिलान-कोर्तिना विंटर ओलंपिक 2026 का आगाज शुक्रवार को हुआ था। उद्घाटन समारोह में इटली की कला और संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। इसमें मशहूर टेनर आंद्रेआ बोचेली और अमेरिकी गायिका मारिया केरी ने प्रस्तुति दी थी, लेकिन खेलों की चमक-दमक के बीच सड़कों पर उतरा यह गुस्सा साफ संकेत दे रहा है कि ओलंपिक को लेकर इटली में विरोध की आग अभी शांत होने वाली नहीं है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here