नंगली में पशु उपकेंद्र भवन लोकार्पित, विद्यालय वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों का सम्मान और श्मशान घाट चारदीवारी जनता को समर्पित
बहरोड़। मंगलवार को बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न विकास एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाजपा नेता डॉ. मोहित जसवंत यादव ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कई जनहितकारी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। क्षेत्र के ग्रामीणों ने उनका स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नंगली गांव में लगभग 19.68 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु उपकेंद्र भवन का डॉ. मोहित ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुपालकों को गांव स्तर पर ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है, ताकि समय पर पशुओं का उपचार हो सके और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पशुपालन एवं ग्रामीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसका लाभ सीधे ग्रामीणों को मिल रहा है।
इसके पश्चात नंगली–बलाहिर स्थित शहीद विनोद कुमार राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में डॉ. मोहित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छात्र–छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉ. मोहित ने विद्यार्थियों के अनुशासन और मेहनत की सराहना करते हुए परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
गांव के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव की अनुशंसा पर विधायक कोष से 10 लाख रुपये की घोषणा की। इससे विद्यालय और क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकेगा।
इसी क्रम में बलाहिर गांव में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्मशान घाट की मजबूत एवं सुंदर चारदीवारी का भी उद्घाटन कर आमजन को समर्पित किया गया। ग्रामीणों ने इस कार्य को उपयोगी बताते हुए संतोष व्यक्त किया।
डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा कि शिक्षा, पशुपालन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों की आधारभूत जरूरतें मजबूत होंगी। कार्यक्रमों के दौरान राजू सिंह चौहान मंडल अध्यक्ष मांढण, मनोज यादव जिला पार्षद, वेदप्रकाश पार्षद, झाबर सिंह पार्षद, श्रीमती राजबाला सरपंच, पूरण भगत सरपंच प्रतिनिधि, सिकंदर उपप्रधान, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


