मांदरी निवास से सुबह रवाना होंगे मीणा, धाम पहुंचकर भर्तृहरि बाबा के दर्शन व पूजा-अर्चना का कार्यक्रम
थानागाजी। क्षेत्र के विधायक कान्ति प्रसाद मीणा शनिवार सुबह अपने निज निवास मांदरी से बाबा भर्तृहरि धाम तक पदयात्रा करेंगे। यह पदयात्रा उनकी उस मन्नत के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही है, जो उन्होंने सरिस्का सड़क निर्माण की स्वीकृति को लेकर भर्तृहरि बाबा से मांगी थी।
विधायक कान्ति प्रसाद मीणा ने बताया कि क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को सरिस्का मार्ग की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से अब आवागमन सुगम होगा और पर्यटन व धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सब बाबा भर्तृहरि की कृपा से संभव हुआ है।
उन्होंने जानकारी दी कि शनिवार सुबह 7 बजे मांदरी स्थित उनके निवास से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पदयात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा धाम तक पैदल पहुंचेगी, जहां समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना, दर्शन और आशीर्वाद लिया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
पदयात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से पदयात्रा में शामिल होकर धार्मिक आस्था के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। प्रशासन भी यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


