किशनगढ़ बास में अंतिम यात्रा के दौरान शोक सभा में उमड़ा जनसैलाब
किशनगढ़ बास। पंचायत समिति किशनगढ़ बास की पूर्व प्रधान नंदा देवी बारेठ का शुक्रवार अल सुबह करीब 4 बजे अलवर में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवारजन उन्हें अलवर स्थित निवास से किशनगढ़ बास के पैतृक मकान लेकर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, वकील और परिचित अंतिम दर्शनों के लिए उमड़े। नम आंखों से लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक व जनसेवा कार्यों को याद किया।
बताया गया कि श्रीमती बारेठ पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रही थीं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे अपने पति सूर्यदेव सिंह बारेठ के साथ छोटे पुत्र संजीव बारेठ के शालीमार निवास, अलवर में रह रही थीं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके सम्मान में बारेठ मार्केट की दुकानें बंद रहीं तथा अभिभाषक संघ ने भी कार्य स्थगित कर शोक व्यक्त किया। दोपहर करीब 2 बजे किशनगढ़ बास से शव यात्रा रवाना होकर पैतृक गांव माहूद के स्वर्ग आश्रम पहुंची, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में बलराम यादव, अमित गौड़, रोहतास चौधरी, जनेश भूटानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, वकील, डॉक्टर, मीडिया कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इसे क्षेत्र की राजनीति और समाज सेवा के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उल्लेखनीय है कि उनके पति सूर्यदेव सिंह बारेठ भी किशनगढ़ बास पंचायत समिति में लंबे समय तक प्रधान रह चुके हैं। परिवार का सामाजिक व राजनीतिक योगदान क्षेत्र में व्यापक रूप से जाना जाता है। परिवारजन ने बताया कि शोक सभा हेतु किशनगढ़ बास स्थित निवास पर नियमित बैठक रहेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


