भारत और तिमोर लेस्ते की दोस्ती को बताया मजबूत, छात्रों संग साझा किए सांस्कृतिक अनुभव
खैरथल। तिमोर लेस्ते देश के महामहिम राजदूत कार्लिटो नून्स ने खैरथल के 40 फुटा रोड स्थित “विदेशी रसोई” रेस्तरां का दौरा किया। यहां अपने देश तिमोर लेस्ते की संस्कृति की झलक देखकर उन्होंने सुखद अनुभव व्यक्त किया और भारत व तिमोर लेस्ते को अच्छा मित्र बताया।
इस अवसर पर तिमोर लेस्ते के राजनयिक ऑरेलियो बैरस भी उनके साथ मौजूद रहे। आयोजक परिवार के सदस्य मोहन शर्मा, डॉ. विमला गौड़, निशांत शर्मा, डॉ. श्रुति शर्मा, प्रशांत शर्मा, ज्योति शर्मा, नील शर्मा और कनिष्का शर्मा ने राजदूत का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में फूलमाला व साफा पहनाकर तथा राजस्थानी पेंटिंग भेंट कर स्वागत किया।
“विदेशी रसोई” की दीवारों पर तिमोर लेस्ते की संस्कृति दर्शाती पेंटिंग्स, वर्ल्ड क्लास कॉफी और पर्यटन से जुड़ी वीडियो प्रस्तुति को देखकर राजदूत ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजकों का आभार जताते हुए मोहन शर्मा और डॉ. विमला गौड़ को तिमोर लेस्ते का विशेष पटका पहनाकर तथा अपने देश की प्रसिद्ध कॉफी भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान इंद्रा हैप्पी स्कूल, सेंट्रल एकेडमी स्कूल, सेठ गोपालदास स्कूल और एल्पाइन एकेडमी के विद्यार्थियों ने भी राजदूत से मुलाकात की। विद्यार्थियों के बीच तिमोर लेस्ते विषय पर क्विज, पेंटिंग और ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दोनों देशों की मित्रता को प्रदर्शित किया।
विजेता विद्यार्थियों के साथ महामहिम राजदूत ने फोटो खिंचवाए तथा “विदेशी रसोई” की ओर से पुरस्कारों की घोषणा की गई। यह आयोजन भारत और तिमोर लेस्ते के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


