लुहादेरा शिवरात्रि मेले में विधायक ने दिया निस्वार्थ सेवा का संदेश
तिजारा। महंत बालकनाथ योगी ने आज तिजारा विधानसभा क्षेत्र में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विधायक ने लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान के हालिया बजट में तिजारा विधानसभा क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा गया है। क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जिनमें भिवाड़ी में वर्षाजल भराव की समस्या के समाधान हेतु बजट प्रावधान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि यह कदम लंबे समय से चली आ रही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
जनसुनवाई के पश्चात विधायक महंत बालकनाथ योगी लुहादेरा में आयोजित शिवरात्रि मेले में भी शामिल हुए। वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “निस्वार्थ जीव सेवा ही भगवान शिव प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग है।”
उन्होंने आगे कहा कि आदिशक्ति महाशिव केवल समर्पण और भक्ति से ही प्राप्त किए जा सकते हैं। भगवान शिव का संपूर्ण जीवन त्याग, तप, समर्पण और जीव सेवा की प्रेरणा देता है। हमारे ऋषि-मुनियों और तपस्वियों ने भी इसी मार्ग को अपनाते हुए समाज और संसार का कल्याण किया है।
विधायक ने कहा कि आधुनिक युग में विश्वभर में सनातन धर्म के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि हमारे देवी-देवता समभाव, करुणा और सर्वजन कल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को मजबूत और संगठित बनाए रखने में सनातन धर्म के सिद्धांतों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि हम त्याग, सेवा और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे तो एक दिन भारत पुनः विश्वगुरु के पद पर आसीन होगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


