More
    Homeराज्ययूपीपहले दिन परीक्षार्थियों पर पुष्पवर्षा, वाराणसी में 117 केंद्रों पर परीक्षा शुरू

    पहले दिन परीक्षार्थियों पर पुष्पवर्षा, वाराणसी में 117 केंद्रों पर परीक्षा शुरू

     वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा बुधवार यानी आज से शुरू हो गई है। 18 फरवरी से 12 मार्च (23 दिन) तक चलने वाली परीक्षा में 117 केंद्रों पर 92277 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहले दिन 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की हिंदी की परीक्षा कराई जा रही है। एक केंद्र केंद्रीय कारागार में भी बनाया है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। सभी केंद्रों पर पुलिस के जवान भी मौजूद हैं। जिले में माध्यमिक शिक्षा के 403 विद्यालय हैं। इसमें से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 117 केंद्र बनाए गए हैं। आज से शुरू हुई परीक्षा को लेकर एक दिन पहले मंगलवार की देर शाम तक शहरी और ग्रामीण इलाकों में बनाए गए केंद्रों पर तैयारियां चलती रहीं। पहले दिन की परीक्षा को लेकर जिले में कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों पर पुष्पवर्षा भी की गई। हाईस्कूल में 46300 जबकि इंटरमीडिएट में 45977 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड की ओर से पहले दिन हिंदी की परीक्षा कराई जा रही है। इधर, माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय की ओर से भी सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहने को कहा गया है। नकल विहीन परीक्षा कराने के उद्देश्य से जिले में उड़ाका दल की पांच टीमें भी गठित की गई हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 से 5.15 बजे तक होगी।

    12 सेक्टर, आठ जोन में बंटा जिला, क्वींस कॉलेज में बना कंट्रोल रूम

    यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था की सही तरीके से निगरानी होता रहे, इसके लिए जिले को 12 सेक्टर और 8 जोन में बांटा गया है। इसके तहत 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां लगाए गए टीवी स्क्रीन पर शहर से लेकर गांव में बनाए गए केंद्रों की हर गतिविधि दिखाई देगी।

    अधिकारी बोले

    केंद्रों पर परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। केंद्राध्यक्षों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। किसी तरह की लापरवाही बरतने पर संबंधित व्यक्ति/छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. भोलेंद्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक

    परीक्षा से जुड़ी अहम जानकारी
    परीक्षा केंद्र- 117
    कुल परीक्षार्थी- 92277
    हाईस्कूल – 46300
    इंटरमीडिएट- 45977
    पहली पाली- सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक
    दूसरी पाली- दोपहर 2 से 5.15 बजे तक

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here