दिल्ली के भारत मंडपम में AI Impact Summit के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन किया था. जिन्हें आज शनिवार, 21 फरवरी को पटियाला कोर्ट में पेश किया गया. दिल्ली पुलिस का दावा है कि आरोपी नेपाल में हुई हिंसक Zen-Z आंदोलन से प्रेरित थे. कोर्ट ने यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं की जमानत को नामंजूर करते हुए 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को लेकर बड़ा दावा किया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस प्रदर्शन के पीछे एक सोची-समझी बड़ी साजिश हो सकती है. आरोपियों को डिजिटल सबूतों के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना जरूरी है. इसके अलावा हर एंगल से जांच करने की जरूरत है. यह भी जांच की जानी चाहिए कि प्रदर्शन के लिए फंडिंग और टी-शर्ट के लिए खर्च किसने उठाया. क्योंकि टी-शर्ट पर ‘PM is Compromised’, India-US Trade Deal’ और ‘Epstein Files’ जैसे नारे लिखे थे. इसके साथ ही पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की फोटो लगी थी.
4 प्रदर्शनकारियों को 5 दिनों की पुलिस रिमांड
दरअसल, यह मामला शुक्रवार, 20 फरवरी का है. जहां यूथ कांग्रेस के करीब 8 से 10 कार्यकर्ता भारत मंडपम परिसर में घुसकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की. इस दौरान पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में ले लिया. शनिवार की सुबह पटियाला कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.
BJP ने कांग्रेस को बताया ‘राष्ट्रविरोधी’
आरोपियों के वकील ने बचाव करते हुए कोर्ट में कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और किसी पर हमला नहीं किया गया. बल्कि प्रदर्शनकारियों के साथ ही मारपीट की गई है. फिलहाल, यह विवाद अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने आज देशभर में प्रदर्शन किया. इस हरकत को राष्ट्रविरोधी बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने भारत की छवि खराब की गई है.

