More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशAI इंपैक्ट समिट में विरोध पड़ा भारी, यूथ कांग्रेस नेता को दिल्ली...

    AI इंपैक्ट समिट में विरोध पड़ा भारी, यूथ कांग्रेस नेता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

    ग्वालियर: दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से एक यूथ कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव को हिरासत में लिया है और अपने साथ दिल्ली ले गई है. आरोप है कि यूथ कांग्रेस नेता देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित हुए एआई समिट में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में शामिल था. दिल्ली पुलिस को अंदेशा है कि इस तरह के प्रदर्शन से देश की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है.

    यूथ कांग्रेस नेता के प्रदर्शन में शामिल होने का शक

    असल में राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम परिसर में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की यूथ विंग ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया था. इसके बाद से ही विरोध प्रदर्शन के वीडियो फुटेज के आधार पर दिल्ली पुलिस देश भर से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तलाश में जुटी है. इसी प्रदर्शन में ग्वालियर कांग्रेस की यूथ कांग्रेस विंग के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव के भी शामिल होने की आशंका के चलते दिल्ली से आई पुलिस पार्टी उन्हें ग्वालियर से हिरासत में अपने साथ ले गई है.

    रात डेढ़ बजे जबरन घर में घुसे लोग, पुलिस बता कर बेटे को साथ ले गए

    मामले की जानकारी देते हुए युवा नेता जितेंद्र यादव के पिता केशव यादव ने बताया की, "शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे दिल्ली पुलिस उनके घर पर आई. गेट पर ताला लगा था लेकिन उसे फांद कर अंदर घुसी और जबरन दरवाजा खुलवाया. फिर बेटे जितेंद्र को पकड़ कर जबरन ऐसे साथ ले गई जैसे वह कोई बहुत बड़ा अपराधी हो. उसको एक दो थप्पड़ भी मारे. जब हमने पूछा की कहां ले जा रहे हो तो कहा कि, यूनिवर्सिटी थाने आ जाओ. इसके बाद मैंने कांग्रेस के कुछ लोगों को फोन किया सभी लोग थाने पर आ गए. लेकिन जितेंद्र से वहां मिलने नहीं दिया, हालांकि फोन पर बात करा दी थी".

    'बेटे को कहां ले गए कुछ पता नहीं'

    पिता केशव के मुताबिक़, "रविवार सुबह फिर दिल्ली के कुछ पुलिस वाले आए और उसके कमरे और घर की तलाशी लेने लगे. जब हमने पूछा तो बोले आपको कुछ पता नहीं है क्या, हमने कहा कि हमे नहीं पता तो बोले दिल्ली में जो उधम हुआ है उसमे जितेंद्र भी है. वे पुलिस कर्मी घर के सभी लोगों से उनके मोबाइल फोन भी साथ ले गए. हालांकि कुछ घंटों बाद मोबाइल फोन को वापस भेज दिए. लेकिन अब तक किसी ने ये नहीं बताया कि, बेटे को कहां ले गए हैं. सुबह कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह समेत कांग्रेस के शहर अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष और अन्य नेता आए थे. लेकिन अब तक कुछ अता पता नहीं है."

    'सभी कांग्रेसी परेशान, प्रदर्शन के आरोप पर आतंकवादी जैसा ट्रीटमेंट!'

    मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह के मुताबिक, "कथित तौरपर ऐसा कहा जा रहा है कि उसे दिल्ली ले गए हैं, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. एक युवा कांग्रेस के नेता जितेंद्र यादव के घर पर जाकर पुलिस ने रेड डाली, बल्कि कहा जाए तो अवैध रूप से घर में प्रवेश किया. पूरे घर परिवार के लोगों को प्रताड़ित किया, उनके मोबाइल जप्त कर लिये गए. ऐसा लगता ही नहीं कोई कानून व्यवस्था है. बल्कि पूर्ण अराजकता का माहौल है.

    सुबह से हम सब लोग शहरी कांग्रेस जिलाअध्यक्ष, ग्रामीण जिलाध्यक्ष सभी लोग थाने एसपी कार्यालय से लेकर क्राइम ब्रांच सहित अन्य स्थानों पर चक्कर लगा रहे हैं. लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल रही है. ऐसा लग रहा है कि कोई आतंकवादी जैसी हरकत हुई है, अगर कोई छात्र कथित तौर पर किसी आंदोलन में शामिल है या इस तरह आरोप भी है तो ये उनके परिवार का अधिकार है कि वे इस बात को जानें कि उनके बच्चे को आप लेकर गए, उनका बच्चा ठीक है या नहीं."

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here