भव्य सम्मान समारोह में पंडित रामकिशन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर उठी पानी और रोजगार की मांग
भुसावर। तहसील के ग्राम भैसीना में बुधवार को भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के जीवन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए और शतायु नेता का सोल-दुपट्टा व फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पानी आंदोलन के संयोजक किसान नेता इन्दल सिंह जाट का भी विशेष सम्मान किया गया। उपस्थित जनसमूह ने पंडित रामकिशन को लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।
पानी और रोजगार सबसे बड़ा संकट
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने कहा कि भरतपुर जिले में पानी और रोजगार सबसे बड़ी समस्या है। बढ़ती बेरोजगारी के कारण पलायन और अपराधों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जिले में आबादी का घनत्व अधिक है, खेती छोटी है, लागत अधिक है और सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने छोटे एवं प्रदूषण रहित उद्योग स्थापित करने की मांग की, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि एनसीआर और टीटीजेड के कारण जिले को नुकसान हुआ है और इससे राहत मिलनी चाहिए।
रबी की सरसों फसल के मंडियों में आने को लेकर उन्होंने सरकार से उचित प्रबंध करने की मांग की। उन्होंने दोहराया कि पानी और रोजगार के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
इआरसीपी और किसानों के मुद्दों पर मुखर रहे पंडित रामकिशन
शतायु पूर्व सांसद पंडित रामकिशन ने अपने संबोधन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के हित में नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में जिन मुद्दों पर संघर्ष किया, उनमें सफलता मिली है। इआरसीपी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब लोग इसकी कल्पना भी नहीं करते थे, तब वे इसके लिए संघर्ष कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस योजना को जीवित रखा। उन्होंने विश्वास जताया कि बाणगंगा में पानी अवश्य आएगा और इसके लिए उनका और इन्दल सिंह जाट का संघर्ष जारी रहेगा।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश की विकास दर में कृषि का योगदान सर्वाधिक है, फिर भी खेती के बजट में कटौती की जा रही है। उन्होंने किसानों की आत्महत्याओं और आंदोलनों का उल्लेख करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाकियू जिला अध्यक्ष हरी सिंह गुर्जर कमालपुरा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने विचार रखे। कार्यक्रम में रामेश्वर जहानपुर, रविन्द्र मूड़िया जाट, हीरा सिंह आमौली, भगवत जाटव, गंगा सहाय पंडित, महेश गुर्जर नैवाड़ी, रामचरण पटेल भैसीना, घनश्याम गाजीपुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुगढ़ सिंह खैररा, पार्षद मान सिंह गुर्जर सहित अनेक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन इन्दल सिंह जाट द्वारा किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


