More
    Homeराज्यबिहारडीजे बजाने को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस टीम पर पथराव; एक जवान...

    डीजे बजाने को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस टीम पर पथराव; एक जवान घायल, वाहन क्षतिग्रस्त

    मुंगेर। के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नया टोला दरियापुर गांव में बुधवार रात डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

    असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया

    बताया जाता है कि गांव के हसनपुर पंचायत भवन में बनाए गए कैंप में तैनात क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवान भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को शांत कराया और स्थिति सामान्य होने के बाद वापस लौटने लगी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया।

    पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त

    ग्रामीणों की ओर से पुलिस टीम पर पथराव किया गया। इस पथराव में मुफस्सिल थाना की 112 नंबर की पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पत्थर लगने से क्यूआरटी टीम के जवान प्रशांत कुमार घायल हो गए। उनके कंधे में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

    पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले को शांत कराया। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस गांव में मौजूद लोगों को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

    अंधेरे का फायदा उठाया

    इस संबंध में एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। लेकिन जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, उसी दौरान कुछ लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया।

    एसपी ने बताया कि इस घटना में एक जवान घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में कराया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अभिषेक चौबे के नेतृत्व में घायल जवान के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here