More
    Homeखेलआमिर की भविष्यवाणी फिर गलत होने पर किसने कहा ऐसा? दिग्गज का...

    आमिर की भविष्यवाणी फिर गलत होने पर किसने कहा ऐसा? दिग्गज का तंज- भीख मांगकर नहीं जीते जाते खिताब

    टी20 विश्वकप 2026 का एक और मैच और पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर की एक और भविष्यवाणी गलत साबित हुई। आमिर ने भविष्यवाणी की थी टीम इंडिया फाइनल में नहीं पहुंचेगी और इंग्लैंड आसानी से जीत हासिल करेगी, लेकिन हुआ उसके बिल्कुल विपरीत। भारत ने जीत हासिल की और न्यूजीलैंड के साथ आठ मार्च को खिताबी भिड़ंत की तारीख तय की। आमिर की इससे पहले सेमीफाइनल में नहीं पहुंचने वाली भविष्यवाणी भी गलत साबित हुई थी। हालांकि, इतनी गलत भविष्यवाणी के बावजूद यह पाकिस्तानी गेंदबाज बाज नहीं आ रहा। अब भारत के पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने आमिर को लताड़ा है और उन्हें ढोंगी बाबा बताया है। सिद्धू ने बातों बातों में पाकिस्तान पर भी तंज कसा और कहा कि सिर्फ भीख मांगने से जीत नहीं मिलती या खिताब नहीं मिलता। खिताब के लिए मैदान पर जंग लड़ी जाती है। आइए पहले जानते हैं कि आमिर ने क्या भविष्यवाणी की थी।

    'इंग्लैंड दूसरी पारी में बल्लेबाजी करे तो जीत के ज्यादा चांस'

    पाकिस्तानी शो 'हारना मना है' के दौरान अपनी राय रखते हुए आमिर ने कहा था कि मुंबई की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार होती है। उन्होंने कहा था, 'भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच अच्छी विकेट पर होगा। अगर इंग्लैंड दूसरी पारी में बल्लेबाजी करता है तो उसके जीतने के ज्यादा चांस होंगे, क्योंकि मुंबई में आम तौर पर हाई-स्कोरिंग मैच होते हैं।' उनका मानना था कि इस परिस्थिति में इंग्लैंड के बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इंग्लैंड के लिए इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक फिल सॉल्ट और जोस बटलर ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है। अगर उनका बल्ला चला तो यह इंग्लैंड के लिए बोनस होगा। आमिर का मानना था कि इंग्लैंड के गेंदबाज भी अच्छे फॉर्म में हैं और इंग्लैंड के गेंदबाज भी अच्छी बल्लेबाजी कर लेते हैं।

    भारतीय बल्लेबाजी पर उठाए थे सवाल

    आमिर ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी को लेकर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार भारत की टीम में सिर्फ एक-दो बल्लेबाज ही अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी अपेक्षा के मुताबिक योगदान नहीं दे रहे। उन्होंने कहा, 'अगर भारत की बात करें तो सिर्फ एक या दो बल्लेबाज ही प्रदर्शन कर रहे हैं। वही खिलाड़ी टीम को अंत तक ले जाते हैं, लेकिन बाकी बल्लेबाज फॉर्म में नहीं दिख रहे।' आमिर ने आगे कहा, 'ईशान किशन ने हमारे खिलाफ अच्छा खेला था। अभिषेक शर्मा फॉर्म में नहीं हैं। तिलक वर्मा प्रभाव नहीं डाल पाए। सूर्यकुमार यादव ने सुपर-8 के बाद कुछ खास नहीं किया। संजू सैमसन ने जरूर प्रदर्शन किया है और जसप्रीत बुमराह अच्छा कर रहे हैं।'

    इंग्लैंड को बताया था सेमीफाइनल का फेवरेट

    भारतीय टीम के प्रदर्शन का आकलन करते हुए आमिर ने साफ तौर पर इंग्लैंड को इस मुकाबले में फेवरेट बताया था। उनका मानना था कि मौजूदा हालात में इंग्लैंड की टीम ज्यादा संतुलित और खतरनाक नजर आ रही है। आमिर ने कहा, 'आप यह नहीं कह सकते कि यह टीम पूरी तरह से मैच पर हावी हो जाएगी। मेरे हिसाब से इस मैच में इंग्लैंड फेवरेट है।' आमिर के साथ मौजूद पाकिस्तान के पूर्व ओपनर अहमद शहजाद और राशिद लतीफ ने भी उनके बयान पर सहमति जताई थी। शहजाद ने हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को जीत का दावेदार बताया था।
     
    सिद्धू ने दिया करारा जवाब

    क्रिकेट में भारत को लेकर आमिर की भविष्यवाणियां अक्सर गलत भी साबित होती रही हैं। इससे पहले भी आमिर ने सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को भारत पर भारी बताया था, लेकिन भारतीय टीम ने उस मैच में शानदार जीत हासिल की थी। आमिर को अपनी टीम से ज्यादा भारत क्या करता है, उसकी पड़ी है। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर पर तीखा हमला बोला है।

    'हर बार दावा गलत साबित हुआ'

    सिद्धू का कहना है कि आमिर लगातार भारत के टूर्नामेंट से बाहर होने की भविष्यवाणी करते रहे, लेकिन हर बार उनका दावा गलत साबित हुआ। सिद्धू का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में सिद्धू ने उन लोगों पर निशाना साधा जो बार-बार क्रिकेट को लेकर बड़ी-बड़ी भविष्यवाणियां करते हैं। उन्होंने कहा, 'हमारे आसपास कुछ लोगों की आदत होती है झूठी भविष्यवाणी करने की। अगर सही हो जाए तो कहते हैं तीर लगा, नहीं हुआ तो कह देते हैं अंदाजा था। लेकिन फिर भी ऐसे लोग खुद को बड़े बाबा की तरह पेश करते रहते हैं।'

    'मेरे हिसाब से ऐसे लोग ढोंगी बाबा हैं'

    सिद्धू ने आगे कहा, 'मेरे हिसाब से ऐसे लोग ढोंगी बाबा हैं। पहले कहा गया कि भारत क्वालिफाई नहीं करेगा, सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा। कहा गया कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका आगे जाएंगे। लेकिन जैसे ही संजू सैमसन की वापसी हुई, दोनों टीमें बाहर हो गईं।' उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भविष्यवाणी का जिक्र करते हुए कहा, 'कहा गया कि इंग्लैंड सेमीफाइनल जीत जाएगा, लेकिन इंग्लैंड भी बाहर हो गया। मेरा कहना सिर्फ इतना है कि भविष्यवाणियां इन चीजों का फैसला नहीं करतीं। मैच मैदान की जंग में तय होते हैं। भीख मांगकर कोई सिंहासन नहीं मिलता। खाली बर्तन ही सबसे ज्यादा आवाज करते हैं। यही पूरी बात है।'
     
    आमिर ने भी दिया जवाब

    हालांकि, भारत की जीत के बाद मोहम्मद आमिर ने अपनी भविष्यवाणी से पूरी तरह पीछे हटने से इनकार किया। उन्होंने माना कि भारत ने इस मैच में बेहतर क्रिकेट खेला, लेकिन इंग्लैंड की एक गलती मैच का बड़ा कारण बनी। आमिर ने कहा, 'मैं क्रिकेट की बात करता हूं। भारत ने इस मैच में बहुत अच्छा और पूरा क्रिकेट खेला। जहां क्रेडिट देना चाहिए, वहां देना चाहिए। मैंने भविष्यवाणी की थी, लेकिन कैच छोड़ना मेरे हाथ में नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर हैरी ब्रूक ने संजू सैमसन का कैच पकड़ लिया होता तो यह लक्ष्य इंग्लैंड एक ओवर पहले ही हासिल कर सकता था। दोनों टीमों के बीच असली फर्क जसप्रीत बुमराह थे।'
     
    सेमीफाइनल में भारत की रोमांचक जीत

    सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाए। जवाब में इंग्लैंड ने भी जोरदार संघर्ष किया। जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन बनाकर मैच को आखिरी ओवर तक रोमांचक बना दिया। हालांकि, अंतिम ओवरों में जसप्रीत बुमराह और अन्य गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के कारण इंग्लैंड की टीम 246/7 तक ही पहुंच सकी और भारत ने सात रन से जीत हासिल कर ली।
     
    अब फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत

    इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। टीम इंडिया की नजर अब खिताब जीतकर इतिहास रचने पर होगी। वहीं सिद्धू और आमिर के बीच बयानबाजी ने इस मुकाबले के बाद क्रिकेट चर्चा को और गर्म कर दिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here