More
    Homeराज्ययूपीराष्ट्रपति के आगमन की तैयारी में सजने लगा राम मंदिर, अयोध्या में...

    राष्ट्रपति के आगमन की तैयारी में सजने लगा राम मंदिर, अयोध्या में बढ़ी हलचल

    राम मंदिर परिसर में होंगे विशेष अनुष्ठान, पांच हजार विशिष्ट अतिथियों को निमंत्रण; रामोत्सव का भी होगा शुभारंभ

    अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में नव संवत्सर समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राम मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के लिए लगभग पांच हजार विशिष्ट मेहमानों की सूची तैयार कर ली गई है। समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी, जो राम मंदिर परिसर में करीब चार घंटे तक रहेंगी। इस दौरान वे राम मंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र और श्रीराम नाम मंदिर की स्थापना भी करेंगी।

    समारोह का शुभारंभ 19 मार्च को सुबह 9 बजे से विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इस कार्यक्रम में दक्षिण भारत, काशी और अयोध्या के कुल 51 वैदिक आचार्य अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। काशी के आचार्य पद्मभूषण पंडित गणेश्वर शास्त्री के नेतृत्व में सभी धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

    समारोह में देश के कई प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक व्यक्तित्व भी शामिल होंगे। केरल की आध्यात्मिक गुरु मां अमृता मरी, कर्नाटक के धर्माधिकारी पद्मभूषण वीरेंद्र हेगड़े और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। मां अमृता मरी के साथ 100 से अधिक अनुयायी भी अयोध्या पहुंचेंगे, जिनके ठहरने के लिए होटल और धर्मशालाओं में कमरे आरक्षित किए जा रहे हैं।

    इसके अलावा समारोह में उत्तराखंड के कारसेवकों को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं अयोध्या जिले से करीब एक हजार लोगों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रण भेजा जाएगा।

    समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक और भव्य सजावट से सजाने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आयोजन की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।

    रामोत्सव की झलक भी दिखेगी

    नव संवत्सर समारोह के साथ ही रामोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों के जरिए पूरे वातावरण को उत्सवमय बनाया जाएगा। रामोत्सव का शुभारंभ चैत्र प्रतिपदा यानी 19 मार्च से होगा और यह रामनवमी तक चलेगा। इन नौ दिनों के दौरान राम मंदिर सहित अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों में देवी उपासना के साथ भगवान श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

    श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक

    श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर परिसर में पहुंचकर श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दर्शन कर बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए पूछा कि दर्शन सुलभता से हो गए या नहीं और किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हुई।

    श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि दर्शन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो रही है। कतार प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी श्रद्धालुओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। हालांकि कुछ श्रद्धालुओं ने छांव और पेयजल की व्यवस्था को और बेहतर करने का सुझाव भी दिया।

    नृपेंद्र मिश्र ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार फीडबैक लिया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए हर स्तर पर व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

    नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार दोपहर अयोध्या पहुंचे और मंदिर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। वह दो दिनों तक अयोध्या में रहकर नव संवत्सर समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। शुक्रवार को उन्होंने लगभग दो घंटे तक पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और परकोटा निर्माण के कार्यों का जायजा लेते हुए 10 मार्च तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र, निर्माण प्रभारी गोपाल राव, आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा और पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here