More
    Homeराज्यगुजरातगुजरात में केजरीवाल का सियासी हमला, बोले- झाड़ू चलाओ और अपनी सरकार...

    गुजरात में केजरीवाल का सियासी हमला, बोले- झाड़ू चलाओ और अपनी सरकार बनाओ

    गुजरात| दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दूसरे दिन भी भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे. उन्होंने जनता से भाजपा सरकार के दमन को खत्म करने का आह्वान करते हुए कहा कि जागो और झाड़ू चलाकर इस बार अपनी सरकार बनाओ. 30 साल में भाजपा वाले गुजरात का व्यापार, रोजगार, स्कूल, अस्पताल, सड़कें, नरेगा सब कुछ खा गए|उन्होंने लोगों से पूछा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, पेपर लीक, टूटी सड़कों, गिरे पूलों, अस्पतालों में बच्चों की मौतों पर कब तक चुप रहेंगे? इस बार पूरे गुजरात में विसावदर करने का मौका है. जिस तरह विसावदर की जनता ने बड़े-बड़ों के सिंहासन हिला दिए, वैसे ही इस बार पूरे गुजरात में करना है. ‘‘आप’’ की अपनी सरकार होगी तो पंजाब की तरह मुफ्त बिजली, इलाज, शिक्षा, हर महिला को एक हजार रुपए समेत सारी सुविधाएं मिलेंगी|

    गुस्से में और बीजेपी से नाराज हैं किसान- केजरीवाल

    सोमवार को सूरत में आयोजित आम आदमी पार्टी के क्षेत्रीय बूथ सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता की आवाज़ को मज़बूती देने का संकल्प लेते हुए कहा कि आज पूरे गुजरात के किसान बहुत नाराज और गुस्से में हैं. हर जगह लोग एक ही बात कह रहे हैं कि इस बार बोटाद का बदला लेना है. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बोटाद में कुछ किसान इकट्ठा होकर करदा प्रथा के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे|उन्होंने कोई पत्थर नहीं चलाया, किसी को मारा नहीं. लेकिन पुलिस ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया, उन्हें उनके घरों से खींच-खींच कर ले गए और 85 किसानों को कई महीनों तक जेल के अंदर रखा गया. इसे लेकर किसानों में जबरदस्त विद्रोह और गुस्सा है. किसान इस बार चुनाव में भाजपा से बदला लेना चाहते हैं और उन्हें मजा चखाएंगे|

    भाजपा पर 30 साल के शासन को लेकर हमला

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है और इन 30 सालों में इन्होंने गुजरात को पूरी तरह चूस लिया है. ये लोग किसानों के बीज, खाद, पानी, और पैसा भी खा गए. इन्होंने व्यापारियों का व्यापार, बेरोजगारों का रोजगार, स्कूल, अस्पताल, सड़कें और पुल तक खा लिए. ये लोग मजदूरों का नरेगा, बजरी, लोहा और मिट्टी तक खा गए हैं. जो भी इनके भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर ये अत्याचार करते हैं और झूठे केस करके जेल में डाल देते हैं"|अरविंद केजरीवाल ने बताया कि “आप” विधायक चैतर वसावा ने नरेगा में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी. नरेगा के अंदर ये लोग फर्जी रिकॉर्ड भरते हैं, काम होता नहीं है पर दिखा देते हैं कि काम हुआ और इनके मंत्री व नेता पैसा खा जाते हैं. जब चैतर वसावा ने रिकॉर्ड मांगे, तो उन्हें उठाकर जेल में डाल दिया गया. चैतर वसावा और प्रवीण राम जनता के लिए लड़ रहे थे. इसलिए उन्हें चार-चार महीने जेल में रखा गया. जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है, ये उसे पकड़कर जेल में डाल देते हैं|

    युवाओं, बेरोजगारी और नशे के मुद्दे उठाए

    आप ने कहा, "आज हमारे नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं और जब वे रोजगार मांगने जाते हैं, तो ये उनके हाथ में नकली दारू की बोतल पकड़ा देते हैं. पूरे गुजरात में नकली दारू बिक रही है और उससे न जाने कितने बच्चे मर गए. युवाओं के हाथ में कोकेन, हेरोइन और गांजे की पुड़िया पकड़ा दी जाती है. ये हमारे बच्चों और परिवारों को बर्बाद करने में लगे हुए हैं|मैं गुजरात के कई ऐसे परिवारों को जानता हूं जिनके बच्चे नकली दारू पीकर और ड्रग्स खाकर मर गए और उनके घर बर्बाद हो गए. लेकिन कसूर हमारा भी है. हमारे बच्चे मर रहे हैं, बर्बाद हो रहे हैं, फिर भी हम जाकर कमल का बटन दबा आते हैं. हम लोग कब जागेंगे? हम और कितने परिवारों के बर्बाद होने का इंतजार कर रहे हैं?"

    पुल हादसे और पेपर लीक का मुद्दा

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मोरबी का पुल गिरा तो 140 लोगों की मौत हो गई, बड़ौदा में पुल गिरा तो 22 लोग मारे गए. पिछले 5 साल में 12 पुल गिर चुके हैं. हम और कितनी मौतों का इंतजार कर रहे हैं? एक गरीब किसान अपनी जमीन और पत्नी के जेवर बेचकर बच्चे को पढ़ने भेजता है. वह बच्चा अहमदाबाद, सूरत, राजकोट जैसे शहरों में जाकर दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन जब पेपर देने जाता है तो पेपर लीक हो जाता है. यहां हर पेपर लीक हो रहा है और लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है. क्या हम तब भी चुप बैठे रहेंगे? क्या पेपर लीक होते रहेंगे, भ्रष्टाचार होता रहेगा, सड़कें टूटती रहेंगी, प्राइवेट स्कूल लूटते रहेंगे और सरकारी अस्पतालों में बच्चे मरते रहेंगे और हम चुप बैठे रहेंगे?"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले साल बरसात के समय पूरे मीडिया में सूरत की तस्वीरें आ रही थीं. सूरत में एक बारिश होते ही घर-घर में पानी भर जाता है, बेडरूम और ड्राइंग रूम तक डूब जाते हैं और टीवी तक पानी पहुंच जाता है. यह भाजपा के 30 साल के शासन का नतीजा है. हर्ष संघवी और सी.आर. पाटिल भी सूरत में रहते हैं, लेकिन उनके घरों में पानी नहीं भरता, सिर्फ आम लोगों के घरों में भरता है. ये लोग जनता को कीड़े-मकौड़े भी नहीं समझते और हम फिर भी इनके पीछे-पीछे घूमते रहते हैं|"

    जनता की सरकार बनाने की अपील

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह सब बदलना है. भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए. जनता की सुनवाई होनी चाहिए और सरकारी पैसा जनता के लिए खर्च होना चाहिए. तो इस बार विसावदर जैसा ही पूरे गुजरात में करना है. विसावदर वालों ने दिखा दिया कि जब जनता खड़ी हो जाए, तो बड़े-बड़े सिंहासन डोल जाते हैं. गोपाल इटालिया विसावदर से चुनाव में उतरे, जो एक अत्यंत साधारण परिवार के आम आदमी हैं. वे किसी नेता या कोई अमीर अरबपति के बेटे नहीं हैं, बल्कि एक किसान के बेटे हैं. गोपाल इटालिया के सामने विसावदर में बड़े-बड़े नेता और रसूखदार धनवान लोग खड़े थे. वहां भाजपा और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियां थीं, लेकिन विसावदर की जनता ने संकल्प लिया और सबको हराकर एक आम आदमी को विजयी बनाया. जनता ने स्वयं को वोट दिया. इस बार पूरे गुजरात में विसावदर जैसा ही दोहराना है|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम लोग हर 5 साल में वोट डालते हैं और हर चुनाव में ये नेता हाथ जोड़कर खड़े हो जाते हैं और लोगों का दरवाजा खटखटाते हैं. उनके पैर पकड़ते हैं, उनके बच्चे को गोद में उठाकर फोटो खिंचवाते हैं और बहुत स्नेह दिखाते हैं. वे उनकी दादी के पांव छूते हैं और घर के सभी सदस्यों को सम्मान देते हैं. लेकिन जैसे ही चुनाव समाप्त होते हैं और जब आम लोग इनके घर किसी काम के लिए जाते हैं, तो ये उन पर कुत्ता छोड़ देते हैं. ये दरवाजा तक नहीं खोलते, उनसे मिलते नहीं हैं और गाली देते हैं. ये कहलवा देते हैं कि साहब बिजी हैं. ये लोग पूरे 5 साल तक आम लोगों से नहीं मिलते हैं. आखिर ये 5 साल करते क्या हैं? ये लोग केवल पैसा, पैसा और पैसा कमाने में लग जाते हैं."अरविंद केजरीवाल ने कहा,"यदि कोई व्यक्ति विधायक बन जाए, तो उसके पास लंबी-लंबी गाड़ियां आ जाती हैं. यदि वह मंत्री बन जाए, तो उसकी कई कोठियां और मॉल बन जाते हैं. इन नेताओं के पास बड़े-बड़े मॉल और विशाल संपत्तियां हैं. इनके बच्चों को ही विधायक का टिकट मिलता है, आपके बच्चों को ये टिकट नहीं मिलते. न भाजपा वाले आपके बच्चों को टिकट देते हैं और न ही कांग्रेस वाले. इनके बच्चे विधायक और मंत्री बनते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी में ऐसा नहीं होता. आम आदमी पार्टी आपके बच्चों को टिकट देगी. अभी पंचायत का चुनाव है, आपका बच्चा सरपंच और वार्ड सदस्य बनेगा. हमारे यहां नेताओं के बच्चों को नहीं, बल्कि आपके बच्चों को टिकट मिलेगा. इस बार चुनाव में हमें व्यवस्था परिवर्तन करना है. इस बार किसी पार्टी को वोट नहीं देना है. इस बार स्वयं को वोट देना है और अपनी सरकार बनानी है."

    गुजरात में पंजाब मॉडल लागू करने का वादा, युवाओं से 2 साल पार्टी को देने की अपील

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जब जनता की सरकार बनेगी, तभी सारे काम पूरे होंगे. जनता की सरकार बनने पर वही कार्य होंगे जो जनता चाहेगी. तभी जनता को सम्मान मिलेगा और नेताओं का भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी समाप्त होगी. जनता की सरकार बनने पर गरीबों को अच्छी शिक्षा मिलेगी, अच्छे पुल और सड़कें बनेंगी तथा सबका उचित इलाज होगा. उन्होने कहा कि पंजाब में आज जनता की सरकार है. मुख्यमंत्री भगवंत मान एक किसान के बेटे हैं. आज पंजाब में किसानों की खेती और घरों की बिजली मुफ्त है. जिस-जिस को गुजरात को मुफ्त बिजली चाहिए, वह अपनी सरकार बनाए. भाजपा और कांग्रेस की सरकारें बनाना अब बंद कीजिए. अपनी सरकार के लिए स्वयं को वोट दीजिए."अरविंद केजरीवाल ने बताया कि "पंजाब के अंदर खेती के लिए दिन में 8 घंटे बिजली आती है. मुझे पता चला है कि गुजरात में रात को 3 बजे और 4 बजे बिजली आती है. पंजाब में किसानों के लिए दिन में लगातार 8 घंटे बिजली आती है. ऐसा इसलिए है क्योंकि वहां जनता की सरकार है, आपकी अपनी सरकार है और आम आदमी की सरकार है. अभी पंजाब के अंदर हर परिवार का 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा किया गया है. इसका अर्थ यह हुआ कि मैक्स और अपोलो जैसे जितने भी बड़े अस्पताल हैं, जिनमें बड़े अमीर लोग इलाज कराते हैं, वहां अब एक गरीब मजदूर भी जाकर अपना इलाज करा सकता है. उसका इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा."अरविंद केजरीवाल ने कहा, "भगवान न करे, यदि किसी गरीब मजदूर, किसान या उसके परिवार के किसी सदस्य को हार्ट अटैक आ जाए, कैंसर हो जाए, या उसे किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट जैसा बड़ा ऑपरेशन कराना पड़े, तो बड़े से बड़े अमीरों वाले अस्पताल में उसका 10 लाख रुपए तक का सारा इलाज मुफ्त होगा. उसके सिटी स्कैन, एमआरआई, सभी टेस्ट और सारी दवाइयां मुफ्त होंगी. पंजाब की “आप” सरकार ने अभी-अभी यह योजना पास की है और 60 लाख परिवारों का बीमा करवाया है. क्या गुजरात में ऐसा होना चाहिए या नहीं? इसके लिए आपको अपनी सरकार बनानी होगी. झाड़ू चलाइए और अपनी सरकार बनाइए. जब झाड़ू की सरकार बनेगी, तो सब कुछ मिलेगा|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "रविवार को ही पंजाब का बजट आया है, जिसमें घोषणा की गई है कि हर महिला के खाते में प्रति माह 1,000 रुपए दिए जाएंगे. गुजरात में भी यह संभव है, लेकिन आपको अपनी सरकार बनानी पड़ेगी. आप में से कुछ लोग भाजपा और कुछ कांग्रेस के होंगे, लेकिन अब इन पार्टियों का साथ छोड़ दीजिए. भाजपा और कांग्रेस से आपको कुछ नहीं मिला है. इस बार अपनी सरकार बनाइए. गुजरात आपका है, यह इनके पिता का नहीं है. हम सबको मिलकर गुजरात को बचाना है. अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के लिए गुजरात को सुरक्षित करना है|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हमारे पूर्वजों ने कुर्बानियां दी थीं. सरदार पटेल ने बलिदान दिया और महात्मा गांधी ने संघर्ष किया था, जबकि इन लोगों ने केवल मलाई खाई है. आप लोग इस गुजरात को बचा लीजिए. हम सबको जागना होगा और जिम्मेदारी लेनी होगी. मैं विशेषकर युवाओं से कहना चाहता हूं कि 2027 में चुनाव हैं और अभी दो साल का समय है. ये दो साल आप आम आदमी पार्टी को दे दीजिए. यदि छुट्टी ले सकते हैं, तो ले लीजिए, लेकिन ये दो साल पार्टी के लिए समर्पित कर दें. आप देखेंगे कि गुजरात की तकदीर बदल जाएगी|"

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here