ऐतिहासिक किले की साफ-सफाई कर स्वच्छता पखवाड़े का हुआ शुभारंभ
थानागाजी। राजस्थान दिवस के अवसर पर थानागाजी नगर पालिका द्वारा शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की गई। इस दौरान नगर के ऐतिहासिक किले सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई कर क्षेत्र की साज-सज्जा को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी तरुण शर्मा ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर की पहचान बने ऐतिहासिक किले की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए नगर पालिका ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
स्वच्छता अभियान के दौरान नगर पालिका के काफी कर्मचारी सक्रिय रूप से सफाई कार्य में जुटे रहे। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों तथा ऐतिहासिक किले के आसपास विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कचरा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों की धुलाई जैसे कार्य भी किए गए।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि पहली बार इस स्तर पर व्यापक सफाई अभियान देखने को मिला है, जिससे शहर के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में भी नगर के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि थानागाजी को स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


