मंत्री ने गर्मी में पेयजल-बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के दिए निर्देश
अलवर। जिला प्रभारी मंत्री एवं कृषि-उद्यानिकी विभाग मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में अलवर एवं खैरथल-तिजारा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर ग्रीष्म ऋतु में पेयजल सप्लाई, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा प्रबंधन, एलपीजी गैस वितरण, बजट घोषणाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा भी मौजूद रहे।
जिला प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय स्थापित कर ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल व विद्युत आपूर्ति की समुचित तैयारी सुनिश्चित करें तथा बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारते हुए योजनाओं में लक्ष्यानुसार प्रगति अर्जित करें। उन्होंने दोनों जिलों की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समर कंटेन्जेंसी प्लान के अनुसार गांव-कस्बों में प्रभावी मॉनिटरिंग करने और इमरजेंसी कार्यों की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में ईआरसीपी योजना, भरतपुर-चम्बल पेयजल योजना, ईसरदा योजना, जल जीवन मिशन तथा अमृत 2.0 योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आरडीएसएस एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी लक्ष्यानुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
डॉ. मीणा ने घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल व्यवस्था की समीक्षा कर जिला रसद अधिकारी को कालाबाजारी व जमाखोरी पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों और हीटवेव की तैयारियों को लेकर सीएमएचओ को चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में थानागाजी विधायक कांति प्रसाद मीणा तथा राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक मांगीलाल मीणा ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, सड़क निर्माण, चिकित्सा संस्थानों एवं विद्युत कार्यों से संबंधित समस्याओं व प्रगति के बारे में जानकारी दी।
बैठक में जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


