मंत्री व विधायक ने मौके पर पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा
अलवर। जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर में जोहड़ में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब गांव के कुछ बच्चे खेलते-खेलते जोहड़ के पास नहाने के लिए चले गए। इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को जोहड़ से बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर राज्य के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा तथा स्थानीय विधायक मांगीलाल मीणा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जांच कर मासूमों की मौत के कारणों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
मंत्री और विधायक ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। घटना के बाद जिला प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


