छिंदवाड़ा|जिले के पर्यटन स्थल तामिया में सुनियोजित तरीके से की गई एक बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस और व्यापारिक जगत को हिलाकर रख दिया है। इंदौर के एक प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी को पहले आभूषणों का बड़ा ऑर्डर देने के बहाने बुलाया गया, फिर होटल में बंधक बनाकर मारपीट करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये के सोने के जेवर लूट लिए गए।
ऑर्डर के बहाने बुलाया, फिर रचा पूरा खेल
इंदौर के बड़ा सराफा क्षेत्र में संचालित शिव ज्वेलर्स और पोरिया ज्वेलर्स के संचालक सोमेन्द्र सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे लंबे समय से छिंदवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों को सोने के आभूषण सप्लाई करते आ रहे हैं।
24 फरवरी को शुभम सोनी नाम के युवक ने उन्हें फोन कर बड़ी मात्रा में सोने के जेवरों का ऑर्डर दिया। सौदे पर भरोसा कर 26 फरवरी को सोमेन्द्र सोनी अपने भाई यशेन्द्र सोनी के साथ करीब 3058.96 ग्राम सोने के जेवर लेकर छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद आरोपी शिवम सोनी, अंकित सोनी, उमंग सोनी, दीपेश सोनी, यश चौधरी और मीत ने व्यापारी को विश्वास में लेकर तामिया चलने के लिए कहा। तामिया पहुंचते ही आरोपियों ने उन्हें एक होटल में ले जाकर बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद सोने के जेवरों से भरा बैग छीन लिया।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वह अपने भाई के पास पहुंचे, जो अलग स्थान पर ठहरे हुए थे। इसके बाद दोनों तुरंत इंदौर लौट गए और सराफा थाने में पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। इंदौर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं 318(4), 309(4), 127(2), 296, 115(2), 351(2), 133 और 3(5) के तहत शून्य पर अपराध दर्ज किया।
चूंकि वारदात छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र में हुई, इसलिए केस डायरी वहां ट्रांसफर कर दी गई है। अब तामिया पुलिस इस हाई-प्रोफाइल लूट की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात पहले से ही योजनाबद्ध थी। आरोपियों ने व्यापारी को भरोसे में लेकर सूनसान स्थान पर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों की कॉल डिटेल, लोकेशन और होटल रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस बड़ी लूट की घटना के बाद सराफा व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बाहर से आने वाले व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


