सम्मान समारोह में पूर्व सांसद पंडित रामकिशन का भव्य अभिनंदन
कामा। डीग जिले के कस्बा कामवन (कामा) में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में पंडित रामकिशन के जीवन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर कस्बे सहित दूरदराज से आए विभिन्न जाति-धर्मों के गणमान्य नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। समारोह में उन्हें शॉल-दुपट्टा, प्रतीक चिन्ह, पुस्तकें व फूलमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पानी आंदोलन के संयोजक किसान नेता इन्दल सिंह जाट का भी सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पंडित रामकिशन को दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि पंडित रामकिशन ने अपने संबोधन में कहा कि देश को विकसित बनाने का कार्यक्रम स्वागत योग्य है, लेकिन आर्थिक विकास दर को बढ़ाने के लिए सरकार को योजनाओं में अधिक पूंजी निवेश करना होगा। उन्होंने वर्तमान आर्थिक नीतियों, सरकारी व्यय और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने कहा कि भरतपुर व डीग जिलों में पानी और रोजगार सबसे बड़ी चुनौती हैं। उन्होंने छोटे प्रदूषण-रहित उद्योग स्थापित करने तथा जल संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बढ़ती बेरोजगारी के कारण पलायन और अपराध जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
समारोह को पूर्व विधायक समशुल हसन तथा पूर्व चेयरमैन बृजकिशोर लोधा सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने पंडित रामकिशन के जनहित के मुद्दों पर उनके लंबे संघर्ष और सिद्धांतवादी राजनीति की सराहना की।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता विजय मिश्रा, पार्षद प्रदीप गोपाल, पूर्व जिला पार्षद चंदन पहलवान, अधिवक्ता गोपीचंद, ठाकुर रविंद्र पाल सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कांमा कस्बे के विभिन्न संगठनों व समाजों के सैकड़ों लोगों ने समारोह में भाग लेकर शताब्दी पुरुष पंडित रामकिशन का अभिनंदन किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


