नववर्ष संदेश के साथ मरीजों को दिया स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संकल्प
टहला। भारतीय नववर्ष के पावन अवसर पर सीएचसी टहला के डॉ. अभिमन्यु सिद्ध ने अपने मरीजों को शुभकामनाएं देते हुए “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन” का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नया वर्ष केवल उत्सव का समय नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन अपनाने की नई शुरुआत है।
इस अवसर पर डॉ. अभिमन्यु ने अनूठी पहल करते हुए मरीजों की पर्ची पर विशेष संदेश छपवाया। इस संदेश में “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन” के संकल्प के साथ संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग और ध्यान अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही मरीजों को स्वस्थ और प्रसन्न रहने का संदेश देते हुए भारतीय नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी गईं। इस प्रकार डॉ. सिद्ध ने संस्कृति और विज्ञान का समन्वय करते हुए मरीजों को प्रेरित किया।
इस मौके पर अस्पताल कर्मियों को तिलक लगाकर एवं मौली बांधकर भारतीय नववर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा गुड़ और नीम का प्रसाद वितरित किया गया। डॉ. अभिमन्यु ने बताया कि गुड़ और नीम के सेवन के पीछे वैज्ञानिक कारण है। यह समय मौसम परिवर्तन का होता है, जिसमें शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। नीम में एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण होते हैं, जबकि गुड़ शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। यह संयोजन शरीर को संतुलित रखकर स्वस्थ रहने में सहायक होता है।
अस्पताल में आने वाले मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष जोर देते हुए सकारात्मक सोच और प्रसन्न रहने की आदत विकसित करने की अपील की गई।
अंत में डॉ. अभिमन्यु ने सभी को भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें और इस नए वर्ष में अपने जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प लें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


