अलवर में रोजगार के अवसर बढ़े, शहर को स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने पर जोर
अलवर। वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को अलवर नगर निगम परिसर में 20 सरस डेयरी बूथों के आवंटन पत्र वितरित किए। साथ ही तांगा स्टैंड एवं राजकीय महिला चिकित्सालय परिसर में पिंक टॉयलेट का लोकार्पण कर महिलाओं को महत्वपूर्ण सुविधा प्रदान की।

इस अवसर पर उन्होंने नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में अलवर हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करते हुए पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी द्वारा 20 सरस डेयरी बूथों का आवंटन किया गया है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। अलवर सरस डेयरी के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से 5 लाख लीटर क्षमता का नया संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसका शीघ्र ही शिलान्यास होगा। उन्होंने बताया कि सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान के नेतृत्व में डेयरी नई ऊंचाइयों को छू रही है और कलाकंद की बिक्री में आठ गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने शहर को स्वच्छ और विकसित बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि डीएलबी रैंकिंग में अलवर अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान पर रहा है और स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष 10 शहरों में स्थान प्राप्त करना लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए दो पिंक टॉयलेट शुरू किए गए हैं तथा तीन और शीघ्र प्रारंभ होंगे। साथ ही तीन सामुदायिक शौचालय भी निर्माणाधीन हैं।
सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान ने कहा कि इन बूथों के माध्यम से जहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं आमजन को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण सरस उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि पशुपालकों के लिए ‘सरस मायरा योजना’ के तहत बेटियों के विवाह पर 21 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
नगर निगम आयुक्त सोहन नरूका ने बताया कि पिंक टॉयलेट 66.72 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ बनाए गए हैं, जिनमें बेबी फीडिंग रूम, सेनेट्री पैड वेंडिंग मशीन, वॉशरूम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि अलवर को स्वच्छ और विकसित शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, कैलाश निदानिया, हरीश जैन, सतीश यादव, जितेंद्र राठौड़, महेश निहालवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, नगर निगम कार्मिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


