More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमध्य प्रदेश में 72 घंटे से सक्रिय मौसम प्रणाली – बारिश और...

    मध्य प्रदेश में 72 घंटे से सक्रिय मौसम प्रणाली – बारिश और ओले का असर।

    भोपाल|मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के सक्रिय रहने से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. इस दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत 42 से अधिक जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. शनिवार को भी इसका असर खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश में बने रहने की संभावना है, जहां रीवा, सिंगरौली सहित 14 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. तेज हवाओं की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और ओले गिरने से गेहूं, केला, पपीता और संतरे जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है|

    मौसम विभाग का अपडेट

    मौसम विभाग के अनुसार, 18 मार्च से प्रदेश में एक मजबूत सिस्‍टम सक्रिय है, जिसका असर लगातार देखने को मिल रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तीन ट्रफ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की संयुक्त सक्रियता के कारण शुक्रवार को भी मौसम अस्थिर बना रहा. यह सिस्‍टम अब पूर्वी हिस्‍सों की ओर बढ़ रहा है, जिससे वहां शनिवार को भी मौसम प्रभावित रहेगा. हालांकि 22 मार्च से प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना जताई जा रही है|

    कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि

    पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 42 जिलों के करीब 112 शहरों और कस्बों में बारिश रिकॉर्ड की गई. धार के बदनावर और बैतूल के घोड़ा डोंगरी में सबसे अधिक करीब पौन इंच बारिश हुई, जबकि बड़वानी, सेंधवा, भैंसदेही, मुलताई, बैतूल और भोपाल सहित कई इलाकों में आधा इंच या उससे ज्यादा पानी गिरा. अलीराजपुर, झाबुआ, खंडवा, विदिशा, छिंदवाड़ा और जबलपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं|

    तापमान में भारी गिरावट

    बेमौसम बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. ग्वालियर में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री तक पहुंच गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 10 डिग्री से अधिक कम है. यहां दिन और रात के तापमान में अंतर भी घटकर महज 4.7 डिग्री रह गया. इसी तरह दतिया, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और रीवा सहित कई शहरों में 5 डिग्री या उससे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि खजुराहो में सबसे अधिक करीब 11 डिग्री की गिरावट देखी गई|

    खंडवा में तापमान 37.6 डिग्री

    हालांकि कुछ शहरों में तापमान अब भी अपेक्षाकृत ज्यादा बना हुआ है, जहां खंडवा में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं दूसरी ओर ग्वालियर, दतिया, सतना, रीवा और खजुराहो जैसे शहरों में पारा 30 डिग्री से नीचे बना रहा, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है|

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here