अलवर में महात्मा गांधी समिति की श्रद्धांजलि गोष्ठी में याद किए गए शहीद, हिमांशु शर्मा ने बताए आदर्श
अलवर। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति की ओर से देश के महान सपूत एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला संयोजक हिमांशु शर्मा ने कहा कि भगत सिंह महान क्रांतिकारी एवं आजादी के सच्चे नायक थे। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को गले लगा लिया। लाला लाजपत राय की मौत का बदला लेने के लिए अंग्रेज अधिकारी जॉन सॉन्डर्स की हत्या कर ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ क्रांति का बिगुल बजाया।
उन्होंने बताया कि भगत सिंह ने केंद्रीय असेंबली में बम फेंककर अंग्रेजों को देश छोड़ने का कड़ा संदेश दिया। वहीं सुखदेव थापर एक कुशल रणनीतिकार थे और शिवराम राजगुरु एक सटीक निशानेबाज के रूप में जाने जाते थे, जिन्होंने सांडर्स हत्याकांड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ब्रिटिश हुकूमत इन तीनों क्रांतिकारियों से भयभीत हो गई थी। अदालत द्वारा फांसी की सजा 24 मार्च को तय की गई थी, लेकिन षड्यंत्र के तहत 23 मार्च 1931 की शाम को ही उन्हें फांसी दे दी गई। तीनों वीरों ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे के साथ अपने प्राणों की आहुति दी।
इस अवसर पर समिति की ओर से आयोजित विचार गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संरक्षक के.जी. गुप्ता, अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, सत्यनारायण सोमवंशी, ओम प्रकाश अरोड़ा, राजेश गुप्ता, सीताराम शर्मा, रोहिताश नरूका, अतुल नाथ योगी, नितिन गौड़, अजय घील, सतीश शर्मा, अमित छोकर, राजेंद्र शर्मा, बबली सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


