पेयजल पर कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर एडीएम, एसडीएम और तहसीलदारों ने किया फील्ड निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश
अलवर। जिले में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर शुक्रवार अलसुबह अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर सहित जिले के सभी उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों ने जलदाय विभाग की टीम के साथ फील्ड में पहुंचकर धरातल पर पेयजल सप्लाई व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से सीधे फीडबैक प्राप्त किया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर श्रीमती बीना महावर ने अलवर शहर के अल्कापुरी, शिवाजी पार्क, वीर सावरकर नगर सहित कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर पेयजल आपूर्ति की स्थिति देखी। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पेयजल व्यवस्था की फील्ड स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिन नई बोरिंग में विद्युत कनेक्शन हो चुके हैं, उन्हें तत्काल चालू कराया जाए। साथ ही पेयजल मोटर और अन्य उपकरणों में खराबी या सप्लाई लाइन में लीकेज की सूचना मिलते ही तुरंत दुरुस्ती के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आमजन से पेयजल आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली और पानी के अपव्यय से बचने की अपील करते हुए समझाइश भी की। साथ ही पेयजल से जुड़ी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निस्तारित कर परिवादी को सूचित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिले के सभी उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों में जलदाय विभाग की टीम के साथ घर-घर जाकर पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। अधिकारियों ने अधिशासी एवं सहायक अभियंताओं को निर्देशित किया कि टेल एंड तक पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्टाफ लगातार निगरानी रखे। पाइपलाइन लीकेज, मोटर खराबी या अन्य तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
जहां पेयजल आपूर्ति प्रभावित है, वहां टैंकरों से जलापूर्ति कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही राइजिंग लाइन से अवैध कनेक्शनों को तुरंत हटाने और आमजन की शिकायतों का गंभीरता से त्वरित समाधान करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों की पालना में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला स्वयं इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग कर रही हैं। उन्होंने विगत दिनों भी औचक निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया था।
पेयजल शिकायतों के लिए पोर्टल और वॉर रूम सक्रिय
जिले में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा ‘अलवर वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल’ लॉन्च किया गया है, जिस पर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा शहर की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 108 में वॉर रूम स्थापित किया गया है। आमजन 0144-2338000 पर वॉर रूम तथा जलदाय विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 0144-2337900 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। राजस्थान सम्पर्क पोर्टल और वॉर रूम में प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


