More
    Homeराजस्थानकोटाMohanlal Sukhadia University में गड़बड़ी, LLB छात्रों को मिला M.Com का पेपर

    Mohanlal Sukhadia University में गड़बड़ी, LLB छात्रों को मिला M.Com का पेपर

    उदयपुर। सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। LLB छात्रों को गलती से M.Com का पेपर बांट दिया गया, जिसके चलते छात्रों ने पेपर लीक का शक जताया। जानकारी के अनुसार, सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक यह परीक्षा आयोजित की गई थी। छात्र अपनी तैयारी के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होते ही स्टाफ ने लिफाफे खोलकर प्रश्नपत्र बांटे। लिफाफे पर ‘कॉन्ट्रैक्ट’ लिखा था, लेकिन अंदर M.Com का प्रश्नपत्र निकला। आधे से अधिक छात्रों को यह गलत पेपर मिल गया, जबकि M.Com का असली पेपर कुछ दिनों बाद निर्धारित था।

    परीक्षा हॉल में मची अफरा-तफरी

    जैसे ही छात्रों को गलती का पता चला, उन्होंने इसकी शिकायत की। इसके बाद परीक्षा हॉल में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रशासन को अपनी गलती का एहसास हुआ तो तुरंत M.Com के प्रश्नपत्र वापस लिए गए और LLB का मूल प्रश्नपत्र फोटोकॉपी कराकर छात्रों को बांटा गया। इस प्रक्रिया में करीब 20 मिनट की देरी हुई, जिसके बाद परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई। देरी की भरपाई के लिए छात्रों को अतिरिक्त समय भी दिया गया।

    10 दिनों में दूसरी बड़ी लापरवाही

    गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी लापरवाही है। इससे पहले 23 मार्च को BA थर्ड सेमेस्टर के ‘बेसिक एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी’ की जगह बैचलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस का पेपर दे दिया गया था। वहीं 18 मार्च को एक परीक्षा में प्रश्नपत्र की छपाई इतनी खराब थी कि छात्र अक्षर तक साफ नहीं पढ़ पा रहे थे।

    ABVP ने खोला मोर्चा

    मामले को लेकर यूनिवर्सिटी के एग्ज़ाम कंट्रोलर मुकेश बारबर ने कहा कि इस गलती के लिए संबंधित प्रिंटिंग फर्म को नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी चूक न हो, इसके लिए प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर भेजने से पहले दो बार जांच की जाएगी। इधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेताओं ने कार्यवाहक कुलपति बी.पी. सारस्वत को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया।

    उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग

    प्रांत सहमंत्री पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि M.Com का प्रश्नपत्र छात्रों के हाथ लगने से यह एक तरह से लीक हो चुका है। वहीं महानगर मंत्री कोमल वैष्णव ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान किरण वैष्णव, नरेंद्र सिंह राठौड़, विकास चौधरी, जागृति रावल और महिपाल सिंह सहित कई छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here