महासभा बैठक में पुष्पा सैनी का सम्मान, जयंती समारोह को लेकर सर्वसम्मति
खैरथल-तिजारा। जिला सैनी महासभा खैरथल-तिजारा द्वारा सैनी सभा भवन खैरथल में महासभा अध्यक्ष तेजराम सैनी की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के पदाधिकारियों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके बाद पुष्प अर्पित कर उनके समाज सुधार में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।
मीडिया प्रभारी श्याम सैनी ने बताया कि महासभा संयोजक इंजीनियर तेजपाल सैनी ने सभा के मुख्य बिंदुओं को विस्तार से रखा, जबकि संचालन सचिव इंदर सिंह दहिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजस्थान द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय एवं महिला आयोग द्वारा सम्मानित हेड कांस्टेबल पुष्पा सैनी का समाज द्वारा विशेष सम्मान किया गया। उन्हें पुष्प गुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सैनी महासभा अलवर से पधारे विशेष अतिथियों—विकास बबेरवाल, कैलाश सैनी, जुगल सैनी एवं महेंद्र सैनी का भी माला, साफा एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के प्रधानों एवं पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया।
सम्मानित हेड कांस्टेबल पुष्पा सैनी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं को उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
बैठक में सामाजिक एवं शैक्षणिक क्रांति के प्रणेता महात्मा ज्योतिबा फुले की 11 अप्रैल को जिला स्तरीय जयंती समारोह मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। उपस्थित समाज बंधुओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा आयोजन हेतु सहयोग राशि भी एकत्रित की गई।
इसके अलावा समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं बुराइयों को समाप्त करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बारह गांव सेवा समिति अध्यक्ष अशोक सैनी, खैरथल सैनी समाज अध्यक्ष देवकीनंदन सैनी, पूर्व प्रधान रूपचंद सैनी, धन्नाराम सैनी, रमेश सैनी, भवानी सैनी, प्रेमचंद सैनी, सुभाष सैनी सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


