भक्ति मेले में उमड़ी भीड़, ओलंकिक श्रृंगार और रोशनी से जगमगाया मंदिर परिसर
किशनगढ़ बास। बास कृपाल नगर स्थित श्री श्याम मंदिर में 52वें वार्षिक मेले के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा श्याम का दरबार ओलंकिक श्रृंगार, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सुसज्जित होकर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों का अद्भुत नजारा पूरे क्षेत्र को खाटू नगरी जैसा बना रहा है।
खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय से करीब 9 किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर में मेले के प्रथम दिन रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। कोई भक्त दंडवत लगाकर तो कोई हाथों में निशान लेकर बाबा के दरबार में पहुंच रहा है। वहीं कई जत्थे डीजे और बैंड-बाजों के साथ नाचते-गाते मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है।
मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पानी की प्याऊ, भंडारे और हलवा-छोले के प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजाई गई हैं, जहां प्रसाद, बच्चों के खिलौने, चाट-पकौड़ी और अन्य खान-पान की वस्तुएं उपलब्ध हैं। महिलाओं और बच्चों की दुकानों पर विशेष भीड़ देखी जा रही है, जहां लोग खरीदारी के साथ मेले का आनंद उठा रहे हैं।
मंदिर समिति एवं नवयुवक मंडल के 50 से अधिक वॉलंटियर्स ने श्रद्धालुओं की लंबी कतार को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाला हुआ है। वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
सायं काल में बाबा श्याम की भव्य शोभायात्रा मंदिर से निकाली जाएगी, जिसमें दो दर्जन से अधिक देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए यात्रा के साथ चलेंगे।
यह शोभायात्रा बास कृपाल नगर से प्रारंभ होकर किशनगढ़ बास के प्रमुख मार्गों—तिजारा रोड, मुख्य बाजार, घंटाघर चौक, संत कंवर राम हरि मंदिर, गंज रोड होते हुए गंज गांव तक पहुंचेगी और पुनः मंदिर लौटेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा श्याम के दर्शन के लिए उमड़ रही है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आ रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


