घटना के बाद तस्करी पर आक्रोश: शिवाजी पार्क में गाय चोरी, पुलिस की चुप्पी चर्चा में
अलवर। शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक और घटना सामने आई है। होमियोपैथिक कॉलेज के समीप देर रात घर के बाहर सड़क किनारे बंधी गाय को गो तस्कर पिकअप में भरकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि गाय घर के बाहर सामान्य रूप से बंधी हुई थी। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी वहां आकर रुकी और मौके का फायदा उठाते हुए तस्करों ने तेजी से गाय को वाहन में डाला और फरार हो गए।
पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तस्कर बिना किसी डर के इस घटना को अंजाम दे रहे हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आए दिन गो तस्करी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। इससे साफ है कि तस्करों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस पूरे मामले में थाना प्रभारी से लेकर जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं है। जिम्मेदार अधिकारियों की यह चुप्पी व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर रही है।
पीड़ित सतीश शर्मा ने शिवाजी पार्क थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता दिखाती है या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


