मंदिर परिसर में महावीर महोत्सव की धूम, पालना झुलाने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जयपुर। भगवान महावीर स्वामी के पावन जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर गायत्री नगर, महारानी फार्म स्थित जैन मंदिर परिसर में भव्य भक्ति संध्या एवं पालना झुलाने का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
परम पूज्य आचार्य पुलक सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन पुलक मंच परिवार द्वारा मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में किया गया।
पुलक मंच की धार्मिक मंत्री अनिता बड़जात्या ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री बीना टोंग्या के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में महाआरती के साथ हुई। इसके पश्चात मंदिर के तलघर में भगवान महावीर स्वामी के बाल्यकाल का आकर्षक पालना सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, वहीं महिलाओं ने भावपूर्ण भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पालना झुलाने में उमड़ी श्रद्धा
पालना झुलाने की परंपरा के तहत सर्वप्रथम सोधर्म इन्द्र के रूप में रिखब-मधु पाण्डया ने सहभागिता की। इसके बाद भगवान के माता-पिता के रूप में सन्तोष-कान्ता बांसखो वाले, कुबेर इन्द्र के रूप में अशोक-नीलू गंगवाल सहित अनेक श्रद्धालु परिवारों ने श्रद्धा भाव से पालना झुलाया।
इस अवसर पर बीना टोंग्या परिवार, एडवोकेट विमल-सरोज बाकलीवाल, अनिल-रेखा झांझरी, कैलाश छाबड़ा परिवार, अरुण-ज्योति शाह, उदयभान जैन-अनिता बड़जात्या, अशोक-सीमा पाटोदी, निर्मल-ऊषा सेठी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का संचालन मंदिर प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष अरुण शाह ने किया, जबकि अंत में पुलक मंच के संरक्षक अनिल टोंग्या ने आभार व्यक्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के ‘जीओ और जीने दो’ के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


