सड़क हादसा: नमाज के लिए जा रहे तीन लोग चपेट में, एक की हालत नाजुक
खैरथल। जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। पुलिस थाने से करीब 150 मीटर पहले तेज रफ्तार कार ने नमाज पढ़ने जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान काजीवाड़ा निवासी इश्तेहार (50), उनके भाई असलम (48) और भतीजे हारिस (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों जुम्मे की नमाज अदा करने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आई कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल अलवर पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हारिस की हालत गंभीर देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल इश्तेहार और असलम का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


