हादसे में मौत का मामला: घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
अलवर। जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बूटीयाना मोड़ पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को परिजन तुरंत बड़ौदामेव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान शरीफ खान निवासी खरसनगी के रूप में हुई है। परिजन शमसुद्दीन ने बताया कि शरीफ खान बाइक से बड़ौदामेव किसी परिचित से मिलने आया था और वापस गांव लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
हादसे में शरीफ खान के सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार, शरीफ खान पेशे से ट्रक ड्राइवर था और 3-4 दिन पहले ही अपने गांव आया था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में शोक की लहर है।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


