अलवर में लापरवाही उजागर: अस्पताल के खाने में गंदगी से मरीजों और परिजनों में रोष
अलवर। राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जा रहे भोजन में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को मरीजों को वितरित किए गए खिचड़ी के पैकेट खोलते ही उसमें लंबे-लंबे कीड़े दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर मरीजों और उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया। कई मरीजों ने तुरंत खाना बाहर फेंक दिया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
परिजनों का कहना है कि वे अपने मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हैं, लेकिन यहां मिलने वाला भोजन ही उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है। उनका आरोप है कि यदि मरीज अनजाने में इस दूषित भोजन का सेवन कर लेते, तो उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ सकती थी।
इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की जाती है। परिजनों ने इस पूरे मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल में इस तरह की लापरवाही कोई पहली बार नहीं है। पूर्व में भी भोजन और स्वच्छता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो पाया है। ऐसे में यह घटना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषी कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है, साथ ही मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


