More
    Homeराजस्थानअलवरखेरली : स्कूल में शिविर आयोजित, जरूरतमंद बच्चों को मिली मुफ्त...

    खेरली : स्कूल में शिविर आयोजित, जरूरतमंद बच्चों को मिली मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी

    ऑनलाइन ठगी एवं साइबर क्राइम विषय पर विद्यार्थियों और आमजन को विस्तृत जानकारी दी गई
     खेरली।  राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के निर्देशानुसार खेरली स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव जिंदल के निर्देशन में हुआ, जिसमें ऑनलाइन ठगी एवं साइबर क्राइम विषय पर विद्यार्थियों और आमजन को विस्तृत जानकारी दी गई।

    शिविर में वक्ताओं ने बताया कि साइबर क्राइम इंटरनेट, मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से किए जाने वाले अपराध हैं, जिनमें ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइट या ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और फिशिंग जैसे मामले शामिल हैं।

    कार्यक्रम में संबोधन
    कार्यक्रम में संबोधन

    इस दौरान Information Technology Act, 2000 एवं भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों और सजा के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा पीड़ितों को दी जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श और लोक अदालत के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया।

    शिविर में उपस्थित लोगों को बताया गया कि यदि वे साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाएं। इसके अलावा बच्चों को आपात स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।

    कार्यक्रम के दौरान प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। दीपक बालोत पीलवी ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए कहा कि OTP और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, केवल सुरक्षित वेबसाइट से ही लेन-देन करें और सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग को मजबूत रखें।

    इस अवसर पर राकेश कुमार शर्मा (रीडर), बालस्वरूप जाट (रीडर), दौलतराम मीना (एलडीसी), अमित सैनी (एलडीसी), लोकेश शर्मा (एलडीसी), हरिओम शर्मा सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश शर्मा एवं समस्त स्टाफ और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

    अंत में विद्यालय प्रशासन ने तालुका विधिक सेवा समिति का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें करीब 120 लाभार्थियों ने भाग लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here