जलभराव की समस्या पर टाइल कार्य सवालों में, लोगों ने कार्रवाई की उठाई मांग
अलवर। शहर के घोड़ा फेर चौराहा क्षेत्र में हाल ही में करवाए गए लॉकिंग टाइल कार्य ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजपूत छात्रावास एवं ब्राह्मण छात्रावास के सामने करीब दो महीने पहले कराया गया यह निर्माण कार्य अब पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है।
स्थानीय निवासी दीनदयाल शर्मा ने बताया कि टाइल कार्य के दौरान ही संबंधित ठेकेदार को यह अवगत करा दिया गया था कि इस क्षेत्र में पहले से ही जलभराव की समस्या बनी रहती है और हल्की बारिश में भी एक-एक फुट तक पानी भर जाता है। इसके बावजूद कार्य में आवश्यक सुधार नहीं किए गए।
मौजूदा स्थिति यह है कि जरा सी बारिश में ही लगभग 500 मीटर तक दुकानों के सामने पानी भर जाता है, जिससे पूरा इलाका तालाब जैसा नजर आने लगता है। दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी पहले ही यूआईटी अधिकारियों को दी गई थी और मौके पर स्थिति भी दिखाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कार्य को सही तरीके से पूरा नहीं किया गया।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने गुणवत्ता की अनदेखी करते हुए कार्य का बिल पास कर दिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान किया जाता तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


