राजीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनीं मंजू, महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी पहल
अलवर। जिले के राजगढ़ ब्लॉक की रहने वाली मंजू मीना ने महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। राजीविका समूह से जुड़कर उन्होंने दूध वितरण का व्यवसाय शुरू किया और आज आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
मंजू मीना बताती हैं कि राजीविका से जुड़ने से पहले उनका जीवन संघर्षों से भरा हुआ था। सीमित संसाधन, आर्थिक तंगी और अवसरों की कमी के कारण वह पूरी तरह दूसरों पर निर्भर थीं। लेकिन स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई।
उन्होंने शुरुआत में बुक कीपर के रूप में काम किया और धीरे-धीरे ग्राम संगठन से जुड़ते हुए बैंक सखी बनीं। इस दौरान उन्हें वित्तीय प्रबंधन और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिली, जिससे उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई।
आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मंजू मीना ने 50 हजार रुपये के ऋण से अपने व्यवसाय की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने दूध वितरण व्यवसाय को विस्तार देने के लिए लगभग 5 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया, जिसमें से डेढ़ लाख रुपये बैंक से मिले।
आज उनका परिवार सफलतापूर्वक दूध वितरण का व्यवसाय चला रहा है, जिससे उन्हें नियमित और अच्छी आय प्राप्त हो रही है। इस व्यवसाय ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि उन्हें समाज में एक नई पहचान भी दिलाई है।
मंजू मीना की सफलता से गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का साहस जुटा रही हैं। उनके प्रयासों से यह साबित हुआ है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। राजीविका जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मंजू मीना की कहानी यह दर्शाती है कि आत्मनिर्भरता की दिशा में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने अपने प्रयासों से न केवल खुद का जीवन बदला, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दिया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


