जांच के दौरान एसीबी कार्रवाई में 3.70 लाख रुपये मिले, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राशि जब्त
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका अंता, जिला बारां में पदस्थापित सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह के पास से 3 लाख 70 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर करौली इकाई द्वारा शनिवार को आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बयाना रोड, हिण्डौन सिटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता के कब्जे से यह राशि बरामद की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द्र गुप्ता ने बताया कि मुख्यालय को सूचना मिली थी कि संबंधित अधिकारी बड़ी मात्रा में अवैध राशि लेकर हिण्डौन सिटी जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच के दौरान सहायक अभियंता से बरामद राशि के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई ठोस सबूत या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद एसीबी ने पूरी राशि जब्त कर ली है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पूरी कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं एस परिमला के सुपरविजन में की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की जांच और अनुसंधान जारी रहेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

