परिवार पर टूटा रफ्तार का कहर, हादसे के बाद आरोपी चालक फरार
अलवर। जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के चिमरावली गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सोमदीन पत्नी लेखराज जाटव, निवासी जाटव मोहल्ला गोविंदगढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमदीन अपने पीहर चिमरावली आई हुई थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मालाखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलवर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि सोमदीन गांव में दाई का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके दोनों पुत्रों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है—एक की सांप के काटने से और दूसरे की अज्ञात कारणों से मौत हुई थी। एक पुत्र का विवाह हो चुका था, जिसके बाद से सोमदीन ही बहू और पोते-पोतियों की देखभाल कर रही थीं।
उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


