संतुलन बिगड़ते ही हादसा, जिला अस्पताल में उपचार जारी
अलवर। जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान विजेंद्र अग्रवाल, निवासी ग्राम कठूमर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विजेंद्र अग्रवाल रात करीब 10:30 बजे अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लगाए गए पुलिस बैरिकेड से उनकी मोटरसाइकिल का हैंडल अचानक टकरा गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े।
घटना के समय मौके पर पुलिस गश्त कर रही थी। हादसा होते ही पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को तुरंत उठाया और अपनी गाड़ी से कठूमर के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलवर के जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर लगाए गए बैरिकेड्स और रात के समय उनकी दृश्यता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर उपचार मिल सका, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर होने से टल गई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


