साफ-सफाई व रख-रखाव पर जोर, एनीकट से भूजल स्तर बढ़ाने की पहल
अलवर। जल संसाधन संभाग भरतपुर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता डी.के. अग्रवाल ने सोमवार को अलवर जिले के भाखेडा एनीकट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2024-25 के तहत साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 50 मीटर लंबे भाखेडा एनीकट का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। इसकी भराव क्षमता 1.09 एमसीएफटी है।
उन्होंने कहा कि इस एनीकट से भाखेडा, ढाईपेडी, लिवारी सहित आसपास के गांवों और अलवर शहर के भूजल स्तर में वृद्धि होगी। साथ ही पशु-पक्षियों को भी पीने के लिए पानी उपलब्ध होगा।
अग्रवाल ने बताया कि एनीकट के माध्यम से क्षेत्र के ट्यूबवेल, हैंडपंप और कुओं में जल स्तर रिचार्ज होगा, जिससे जल संकट से राहत मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनीकट की साफ-सफाई और रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि इसकी उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने कहा कि जिले में अन्य उपयुक्त स्थानों की पहचान कर इसी प्रकार के एनीकट, जोहड़ और तालाब निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं तथा प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता वृत भरतपुर बने सिंह, वाटरशेड विभाग के अधिशासी अभियंता संजय खत्री, सहायक अभियंता पवन मीणा एवं सुभाष शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


