संविधान और लोकतंत्र पर बयान, जयंती अवसर पर सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित अंबेडकर सर्किल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर संविधान की अवहेलना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए।
टीकाराम जूली ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को विश्व का सबसे मजबूत संविधान दिया, जिसकी वजह से लोकतंत्र सशक्त बना हुआ है। उन्होंने बाबासाहेब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराना संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चुनाव टालने के लिए न्यायालय में समय मांगना संवैधानिक व्यवस्था के प्रति उदासीनता दर्शाता है।
जूली ने कहा कि भाजपा का बाबासाहेब के प्रति सम्मान केवल चुनावी दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों और पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी कर रही है और पूर्ववर्ती सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा राशन किट और मनरेगा जैसी योजनाओं पर प्रभाव पड़ रहा है, पेंशन में देरी हो रही है और आरक्षण व्यवस्था का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। साथ ही लंबित भर्तियों और रोस्टर रजिस्टर के मुद्दे को भी उठाया।
केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी हो रही है, जिससे लोकतंत्र पर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


