More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में प्रकरण को लेकर बड़ा फैसला: विनीत मामले की जांच कठूमर...

    अलवर में प्रकरण को लेकर बड़ा फैसला: विनीत मामले की जांच कठूमर डिप्टी को सौंपी

    सर्व समाज प्रतिनिधिमंडल ने प्रकरण को लेकर एसपी से की मुलाकात, पीड़ित परिवार को मिला न्याय का भरोसा

    अलवर। जिले के खेरलीगंज थाना क्षेत्र से जुड़े बहुचर्चित विनीत प्रकरण में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। भरतपुर जिले से आए सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले को लेकर अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से मुलाकात की, जिसके बाद प्रकरण की जांच खेरलीगंज थाना से हटाकर कठूमर पुलिस उपाधीक्षक को सौंप दी गई है।

    जानकारी के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल पूर्व जिला परिषद सदस्य इंदलसिंह जाट और युवा जाट महासभा के जिला अध्यक्ष अन्नू ठाकुर के नेतृत्व में एसपी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान उन्होंने विनीत प्रकरण की जांच को निष्पक्ष और उच्च स्तर पर कराने की मांग उठाई।

    प्रतिनिधिमंडल की मांग पर एसपी सुधीर चौधरी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच खेरलीगंज थाना से हटाकर कठूमर के डिप्टी (पुलिस उपाधीक्षक) को सौंपने के आदेश जारी किए। इस निर्णय के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।

    प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता इंदलसिंह जाट, अन्नू ठाकुर के साथ पीड़ित परिवार के सदस्य थानसिंह सिनसिनवार, भरतसिंह, चंद्रप्रकाश सोलंकी, गूजरमल, सरपंच हाकिम सिंह गुर्जर, गोपाल गुर्जर, सत्यदेव पटेल, पुष्पेंद्र सिंह गुर्जर, पत्रकार विष्णु मित्तल, कमल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

    पीड़ित पक्ष की ओर से पत्रकार थानसिंह सिनसिनवार ने बताया कि भरतपुर जिले के हलैना क्षेत्र के गांव तिलचिवी निवासी विनीत कुमार, जो खेडली कस्बे में दुकान करता था, उसकी 30 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में खेडली थाना में मर्ग दर्ज की गई थी, लेकिन जांच से परिवार संतुष्ट नहीं था।

    उन्होंने बताया कि न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पहले भी मुख्यमंत्री, गृह राज्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से मिल चुका है, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 10 अप्रैल को अलवर, भरतपुर और डीग जिले के कई गांवों के लोगों ने कठूमर कस्बे में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया और बाजार में जुलूस निकालते हुए उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था।

    शुक्रवार को पुनः भरतपुर जिले के हलैना, वैर और भुसावर क्षेत्र से आए प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। पीड़ित परिवार का कहना है कि एसपी ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

    एसपी सुधीर चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच अब कठूमर उपाधीक्षक द्वारा की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

    इस फैसले के बाद अब सभी की नजरें नई जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि विनीत प्रकरण की सच्चाई सामने आएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here