विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ जल संरक्षण पर दिया जोर, सीएचसी व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के निर्देश
राजगढ़। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को राजगढ़ और रैणी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं और जल संरक्षण से जुड़े प्रयासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने रैणी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम, दवा वितरण केंद्र और पर्ची काउंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीएचसी प्रभारी को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने लू और तापघात से प्रभावित मरीजों के लिए समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के लिए शीतल पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, पंखे और कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बीपीएचयू को जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
जिला कलक्टर ने ढिगावड़ा में खराब बोरिंग के सदुपयोग से बनाए गए रिचार्ज सिस्टम का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि इसे जल्द चालू किया जाए तथा जल संरक्षण के लिए इस मॉडल को अन्य स्थानों पर भी अपनाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
माचाड़ी क्षेत्र में उन्होंने पीलीया कुंड बावड़ी सहित अन्य प्राचीन बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया और कहा कि ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण से न केवल जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की बात कही।
इसके अलावा उन्होंने ढिगावड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेल मैदान पर विकसित बास्केटबॉल, बैडमिंटन कोर्ट और रनिंग ट्रैक का निरीक्षण कर आवश्यक मार्किंग कार्य कराने के निर्देश दिए। श्मशान घाट में निर्माणाधीन टीनशेड कार्य का भी जायजा लिया और वहां साफ-सफाई एवं पौधारोपण सुनिश्चित करने को कहा।
कोठारी बास में बंद पड़े विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि यदि किसी विभाग के पास भवन की कमी है तो इस भवन का उपयोग किया जाए। साथ ही यहां लाइब्रेरी विकसित करने और पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए गए।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने नरेगा के तहत किए जा रहे नर्सरी, उद्यान विकास और पार्क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रैणी हरकेश मीना, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, तहसीलदार कैलाश मेहरा, नरेगा अधिशासी अभियंता नरेंद्र लाखीवाल, वाटरशेड अधिशासी अभियंता प्रहलाद मीना, विकास अधिकारी राधेश्याम मीना, बीसीएमओ डॉ. रामस्वरूप मीना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


