मंत्री संजय शर्मा ने ध्वज लहराकर परशुराम शोभायात्रा को किया रवाना, शहर में पुष्पवर्षा से स्वागत
अलवर। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने दिल्ली दरवाजा बाहर स्थित परशुराम भवन से ध्वज लहराकर शोभायात्रा को रवाना किया।
इसके बाद मंत्री शर्मा ने होप सर्कस पर आयोजित महाआरती में भाग लेकर भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम अन्याय के खिलाफ खड़े होकर पीड़ितों की सहायता करने वाले महान व्यक्तित्व थे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में समता और न्याय की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
शोभायात्रा के दौरान मंत्री संजय शर्मा भगवान परशुराम के वाहन के सारथी के रूप में भी शामिल हुए, जो आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में विप्र बंधु शामिल हुए और पूरे शहर में विभिन्न समाजों द्वारा शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
यह शोभायात्रा दिल्ली दरवाजा स्थित परशुराम भवन से प्रारंभ होकर ब्राह्मण छात्रावास तक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष विशम्भर वशिष्ठ, धर्मवीर शर्मा, सुरेश पाड़ा, झमन लाल शर्मा, त्रिपोलिया महादेव के महंत जितेंद्र खेड़ापति, वेदांती गंगादास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


